- स्वर्गीय माधवराव सिंधिया की स्मृति में आयोजित लीग को लेकर युवाओं में बढ़ा उत्साह, IPL की तर्ज पर ऑक्शन के जरिए होगा खिलाड़ियों का चयन
भोपाल। मध्यप्रदेश में टेनिस क्रिकेट को नई पहचान दिलाने की दिशा में आगे बढ़ रही मध्यप्रदेश टेनिस क्रिकेट लीग (MPTCL) के सीज़न-3 को लेकर युवाओं का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी उत्साह की झलक भोपाल में आयोजित ट्रायल के दौरान देखने को मिली, जहां 110 खिलाड़ियों ने मैदान पर उतरकर अपने खेल का दम दिखाया। बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में खिलाड़ियों ने चयनकर्ताओं के सामने अपनी प्रतिभा साबित करने का पूरा प्रयास किया।
स्वर्गीय माधवराव सिंधिया की स्मृति में आयोजित MPTCL का यह तीसरा सीज़न प्रदेश की उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे लाने की एक महत्वपूर्ण पहल है। लीग का मूल उद्देश्य उन खिलाड़ियों को अवसर देना है, जो छोटे शहरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहकर क्रिकेट के बड़े मंच तक पहुंचने का सपना देखते हैं।
MPTCL ने अपने पिछले दो सीज़न के सफल आयोजन के माध्यम से प्रदेश में एक अलग पहचान बनाई है। यह मध्यप्रदेश की पहली फ्रेंचाइजी आधारित टेनिस क्रिकेट लीग है, जिसमें IPL की तर्ज पर ऑक्शन प्रक्रिया के माध्यम से टीमों का गठन किया जाता है। सीज़न-3 में कुल 240 खिलाड़ियों को लीग में खेलने का अवसर मिलेगा।
खिलाड़ियों की प्रतिभा को परखने के लिए प्रदेश में छह अलग-अलग ट्रायल जोन बनाए गए हैं। इनमें इंदौर, भोपाल, सागर, अशोकनगर, छिंदवाड़ा और रीवा शामिल हैं। इन सभी केंद्रों पर आयोजित होने वाले ट्रायल के आधार पर खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
आगामी मार्च माह में आयोजित होने वाली इस लीग के मुकाबले रात्रिकालीन होंगे। मैदान पर फ्लडलाइट्स के बीच होने वाले मुकाबले खिलाड़ियों को बड़े मंच का अनुभव देने के साथ दर्शकों के लिए भी खास आकर्षण का केंद्र बनेंगे।
लीग में विजेता टीम को 8 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी, वहीं उपविजेता टीम के लिए भी आकर्षक इनाम निर्धारित है। इसके अतिरिक्त मैन ऑफ द सीरीज को बाइक सहित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
MPTCL का प्रयास केवल एक टूर्नामेंट आयोजित करना नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश की नई क्रिकेट प्रतिभाओं को तलाशना, तराशना और उन्हें एक ऐसा मंच देना है, जहां उनकी पहचान प्रदेश की सीमाओं से आगे तक पहुंचे।


