नई दिल्ली : इंडोनेशिया के बाली में हुई बैठक के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने 2035 तक होने वाले पुरुषों के प्रमुख क्रिकेट आयोजनों के कार्यक्रम को मंजूरी दे दी है। इसके तहत भारत 9 से 28 अक्टूबर 2029 तक चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा। वहीं, इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड संयुक्त रूप से 4 जुलाई से 4 अगस्त 2030 तक पुरुष टी20 विश्व कप का आयोजन करेंगे। आईसीसी के इस कार्यक्रम में आने वाले वर्षों के प्रमुख टूर्नामेंटों के आयोजन स्थलों और तारीखों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो गई है।
2031 पुरुष वनडे विश्व कप भारत में वापस आएगा और 9 अक्टूबर से 23 नवंबर तक बांग्लादेश के साथ मिलकर इसे आयोजित किया जाएगा। वहीं ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड 12 अक्टूबर से 12 नवंबर तक 2028 पुरुष टी20 विश्व कप की मेजबानी करेंगे। इंग्लैंड 2029 और 2031 के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की मेजबानी करेगा और ये मुकाबले 8 से 12 जून 2029 और 12 से 16 जून 2031 के बीच खेले जाएंगे।
2031 वनडे वर्ल्ड कप की सह-मेजबानी करेगा भारत
2027 पुरुष वनडे विश्व कप क्वालिफायर फरवरी और मार्च 2027 के बीच खेला जाएगा। 23 मैचों के इस टूर्नामेंट में दस टीमों को पांच-पांच के दो समूहों में बांटा जाएगा इसमें सेमीफाइनल और फाइनल भी शामिल होंगे। इसमें टॉप पर रहने वाली चार टीमें दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे में होने वाले 2027 वनडे विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी। क्वालीफायर की विजेता टीम सीधे विश्व कप के ग्रुप स्टेज में प्रवेश करेगी जबकि बाकी तीन टीमें ग्रुप स्टेज की आखिरी जगह हासिल करने के लिए सुपर सीरीज में मुकाबला करेंगी।
इसके अलावा 2028 पुरुष टी20 विश्व कप क्वालीफायर 16 टीमों के बीच खेला जाएगा। इन टीमों को चार समूहों में बांटा जाएगा। ग्रुप स्टेज के बाद क्वार्टर-फाइनल, सेमी-फाइनल और फाइनल मुकाबले होंगे। टूर्नामेंट की टॉप आठ टीमें मुख्य टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करेंगी। शीर्ष रैंकिंग वाली टीम को क्वालीफिकेशन का मौका मिलेगा जबकि बाकी बची जगहें कुल मिलाकर सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली अन्य टीमों को मिलेंगी। महिला टी20 विश्व कप 2028 के लिए नीदरलैंड और स्कॉटलैंड क्षेत्रीय क्वालीफायर से आने वाली आठ टीमों के साथ जुड़ेंगे। क्षेत्रीय टूर्नामेंट 2027 में आयोजित किए जाएंगे जिनमें अफ्रीका, एशिया और पूर्वी एशिया-पैसिफिक से दो-दो टीमें तथा अमेरिका और यूरोप से एक-एक टीम के लिए जगह होगी। ग्लोबल क्वालीफायर की शीर्ष दो टीमें इस टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करेंगी।
आईसीसी ने ओलंपिक क्वालीफायर के शेड्यूल की भी पुष्टि कर दी है। पुरुषों का क्वालीफायर 5 से 13 फरवरी, 2028 तक यूएसए में आयोजित किया जाएगा जबकि महिलाओं का क्वालीफायर 26 फरवरी से 5 मार्च तक बांग्लादेश में होगा। पुरुषों और महिलाओं के टूर्नामेंट में आठ-आठ टीमें होंगी, जिन्हें चार-चार टीमों के दो समूहों में बांटा जाएगा। हर टीम अपने समूह की बाकी टीमों के खिलाफ एक-एक मैच खेलेगी और समूह में सबसे ऊपर रहने वाली टीम फाइनल के लिए क्वालीफाई करेगी। क्वालीफिकेशन टूर्नामेंट जीतने वाली टीम को LA ओलंपिक में आखिरी जगह मिलेगी।
2035 तक ICC पुरुष इवेंट्स का शेड्यूल
2028: T20 वर्ल्ड कप – ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड (12 अक्टूबर – 12 नवंबर)
2029: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल – इंग्लैंड (8-12 जून)
2029: चैंपियंस ट्रॉफी – भारत (9-28 अक्टूबर)
2030: T20 वर्ल्ड कप – इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड (4 जुलाई – 4 अगस्त)
2031: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल – इंग्लैंड (12-16 जून)
2031: क्रिकेट वर्ल्ड कप – भारत और बांग्लादेश (9 अक्टूबर – 23 नवंबर)
2032: T20 वर्ल्ड कप – मेजबान तय होना बाकी (14 अक्टूबर – 14 नवंबर)
2033: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल – मेजबान तय होना बाकी (9-13 जून)
2033: चैंपियंस ट्रॉफी – मेजबान तय होना बाकी (2-23 अक्टूबर)
2034: T20 वर्ल्ड कप – मेजबान तय होना बाकी (6 जुलाई – 6 अगस्त)
2035: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल – मेजबान तय होना बाकी (7-11 जून)
2035: क्रिकेट वर्ल्ड कप – मेजबान तय होना बाकी (2 अक्टूबर – 18 नवंबर)


