पिता वीरेंद्र सहवाग के नक्शेकदम पर आर्यवीर, अंडर-19 एशिया कप में बल्ले से मचाया धमाल

0

नई दिल्ली : आर्यवीर सहवाग को अब तक मुख्य रूप से उनके पिता और भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के नाम से पहचाना जाता रहा है। लेकिन अंडर-19 एशिया कप 2026 में उन्होंने अपनी शानदार बल्लेबाजी से अलग पहचान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया। टूर्नामेंट में भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाने और प्लेयर ऑफ द सीरीज बनने के बाद आर्यवीर ने साबित किया कि वह सिर्फ एक दिग्गज खिलाड़ी के बेटे नहीं, बल्कि अपनी प्रतिभा के दम पर आगे बढ़ने की क्षमता रखते हैं। हालांकि, उनकी आक्रामक बल्लेबाजी शैली में पिता वीरेंद्र सहवाग की झलक साफ दिखाई देती है, जिसके चलते दोनों की तुलना भी हो रही है। अब आर्यवीर के सामने अपनी इसी प्रतिभा को लगातार प्रदर्शन में बदलकर क्रिकेट में खुद की अलग पहचान स्थापित करने की चुनौती है।

पिता वीरेंद्र की तरह आर्यवीर को भी पसंद है बाउंड्री पार गेंद पहुंचाना

आर्यवीर सहवाग की बैटिंग में उनके पिता वीरेंद्र सहवाग की झलक साफ देखने को मिलती है। आर्यवीर जब मैदान पर आते हैं और उनका जो शॉट चयन होता है, उनमें बाउंड्री लगाने की जो भूख होती है और उनकी जिस तरह की निडर मानसिता है उससे क्रिकेट प्रेमियों को वीरेंद्र सहवाग की याद आ जाती है। हालांकि पिता और पुत्र दोनों में कुछ समानता है तो दोनों की तकनीक, फुटवर्क इन सबके मामले में कुछ अंतर भी है।

चौके-छक्कों के दम पर रन बटोरते हैं आर्यवीर सहवाग, पिता की दिखती है झलक

वीरेंद्र सहवाग का सबसे बड़ी पहचना ये थी कि वो एक या दो रन लेने के बजाए बाउंड्री लगाने पर ज्यादा विश्वास करते थे साथ की तेज गति से रन बनाकर विरोधी गेंदबाजों पर दवाब बनाने का काम करते थे। आर्यवीर सहवाग के आंकड़े भी ऐसी ही कहानी बयां करते हैं। आर्यवीर ने अब तक जितनी भी बड़ी पारियां खेली हैं उनसे से ज्यादातर रन वो बाउंड्रीज यानी चौके और छक्कों के जरिए बटोरते हैं। कूच बिहार ट्रॉफी में जब उन्होंने 297 रन की पारी खेली थी तब उन्होंने 222 रन सिर्फ बाउंड्रीज यानी 51 चौके और 3 छक्के लगाकर बटोरे थे।

जोखिम लेने से नहीं घबराते आर्यवीर, बड़े शॉट्स से गेंदबाजों पर बनाते हैं दबाव

वीरेंद्र सहवाग जब क्रीज पर आते थे तब वो पहली ही गेंद से विरोधी गेंदबाजी पर हावी होने की कोशिश करते थे और आर्यवीर सहवाग भी लगभग ऐसा ही करते हैं। हालांकि कई मौकों पर वो शुरुआत में धीरे खेलते भी नजर आए हैं और टिकने के बाद शॉट लगाते दिखे हैं। आर्यवीर भी अपने पिता की तरह से बिना किसी झिझक के हवा में शॉट खेलने से नहीं डरते हैं और उनकी कई पारियों में ऐसा देखने को मिला है। आर्यवीर भी अपने पिता की तरह से ही एक बार सेट होने के बाद बड़ी पारियां खेलने की कोशिश करते हैं। सीके नायडू ट्रॉफी के इस सीजन में उनकी 173 रन की पारी और अंडर 19 एशिया कप में उनकी 160 रन की पारी इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं।

आर्यवीर सहवाग का फुटवर्क पिता वीरेंद्र से ज्यादा व्यवस्थित

वीरेंद्र सहवाग और आर्यवीर सहवाग में कुछ अंतर भी देखने को मिलता है जिसमें फुटवर्क भी शामिल है। एक तरफ जहां वीरेंद्र सहवाग कम से कम फुटवर्क का इस्तेमाल करते थे तो वहीं आर्यवीर का फुटवर्क काफी व्यवस्थित और संतुलित है और वो क्रीज की गहराई का बेहतर उपयोग करते हैं। इसके अलावा वीरेंद्र सहवाग ऑफ-स्पिन गेंदबाजी भी करते थे और भारत को कई मौकों पर उन्होंने अपनी गेंदबाजी से जीत भी दिलाई थी तो वहीं आर्यवीर कभी-कभार लेग स्पिन गेंदबाजी करते हैं। सहवाग करियर की शुरुआत में 5वें और छठे नंबर पर खेलते थे और बाद में सौरव गांगुली ने उन्हें ओपनर बनाया तो वहीं आर्यवीर सहवाग शुरू से ही ओपनिंग करते हैं।

297 रन की ऐतिहासिक पारी खेलकर सुर्खियों में आए थे आर्यवीर सहवाग

आर्यवीर सहवाग पहली बार सुर्खियों में तब आए थे जब उन्होंने कूच बिहार ट्रॉफी (अंडर-19) में मेघालय के खिलाफ दिल्ली की तरफ से खेलते हुए 309 गेंदों में 297 रनों की विस्फोटक पारी खेली और अपने तिहरे शतक से सिर्फ 3 रन चूक गए थे। उस समय वीरेंद्र सहवाग ने मजाक में कहा था कि आर्यवीर उनके 319 रनों के टेस्ट रिकॉर्ड को तोड़ने से 23 रन पीछे रह गए वरना उन्हें एक फेरारी कार मिलती। 2026-27 सीजन के लिए उन्हें दिल्ली अंडर-19 टीम का कप्तान नियुक्त किया गया था और वीनू मांकड़ ट्रॉफी में चंडीगढ़ के खिलाफ उन्होंने महज 143 गेंदों में 173 रन (19 चौके, 8 छक्के) की पारी खेली थी।

अंडर-19 एशिया कप 2026 में आर्यवीर सहवाग बने प्लेयर ऑफ द सीरीज

आर्यवीर सहवाग ने एसीसी अंडर-19 एशिया कप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया और भारत को चैंपियन बनाने में बड़ी भूमिका निभाई। इस टूर्नामेंट में उन्होंने 5 मैचों में 90.25 की औसत से 361 रन बनाए जिसमें यूएई के खिलाफ 160 रन, नेपाल के खिलाफ नाबाद 70 रन और 14 नवंबर 2026 को पाकिस्तान के खिलाफ रोमांचक फाइनल में 58 रनों की महत्वपूर्ण पारी शामिल थी। भारत ने यह फाइनल 1 विकेट से जीता और आर्यवीर सहवाग को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here