जय शाह का आईसीसी में दूसरा कार्यकाल तय, लगातार दूसरी बार संभालेंगे चेयरमैन पद

0

नई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) में जय शाह का कार्यकाल आगे भी जारी रहेगा। आईसीसी बोर्ड ने सोमवार, 16 नवंबर 2026 को उन्हें दूसरे कार्यकाल के लिए निर्विरोध चेयरमैन चुन लिया। बाली में आयोजित बोर्ड बैठक के दौरान आईसीसी निदेशकों की ओर से उनके नाम का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर सर्वसम्मति से मुहर लग गई। इस तरह जय शाह लगातार दूसरे कार्यकाल में विश्व क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था की कमान संभालेंगे।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पूर्व सचिव जय शाह ने 2024 में ग्रेग बार्कले की जगह आईसीसी चेयरमैन का पद संभाला था। उस समय 38 वर्ष की उम्र में वह इस पद पर पहुंचने वाले सबसे युवा अध्यक्ष बने थे। दूसरे कार्यकाल के लिए चुने जाने पर जय शाह ने आईसीसी बोर्ड के सभी निदेशकों का आभार जताया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आईसीसी की ओर से जारी बयान में जय शाह ने कहा, ‘‘आईसीसी बोर्ड ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उससे मैं बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं सभी निदेशकों का उनके निरंतर विश्वास और समर्थन के लिए दिल से आभारी हूं। आईसीसी चेयरमैन के रूप में काम करना मेरे लिए विशेषाधिकार के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। मैं दुनिया में क्रिकेट के हितों को आगे बढ़ाने के लिए सभी सदस्य देशों संग मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध हूं।’’

ओलंपिक में क्रिकेट की एंट्री से नए युग की शुरुआत, खेल के विकास का बड़ा अवसर

जय शाह ने अपने दूसरे कार्यकाल के दौरान क्रिकेट के वैश्विक विस्तार को प्राथमिकता देने की बात कही। जय शाह ने कहा कि क्रिकेट अपने इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण और रोमांचक दौर में प्रवेश कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जय शाह ने कहा, ‘‘लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 (LA28) में क्रिकेट की वापसी हमारे खेल के लिए नए दर्शकों तक पहुंचने और खिलाड़ियों तथा प्रशंसकों की नई पीढ़ी को प्रेरित करने का असाधारण अवसर है।’’ गौरतलब है कि क्रिकेट 2028 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक में वापसी करेगा। ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी को इस खेल के वैश्विक विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जय शाह के दोबारा आईसीसी चेयरमैन बनने पर गुरुमूर्ति पलानी ने जताई खुशी

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आईसीसी एसोसिएट मेंबर चेयरपर्सन गुरुमूर्ति पलानी ने कहा, ‘‘क्रिकेट को वास्तव में वैश्विक खेल बनाने के लिए जरूरी है कि सभी सदस्य देशों को उनके विकास के हर चरण में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलें।’’ मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पलानी ने कहा, ‘‘एसोसिएट देशों के लिए इसका मतलब है कि उन्हें बड़े स्तर के टूर्नामेंट में खेलने के अधिक मौके मिलें, खिलाड़ियों के विकास के लिए बेहतर व्यवस्था हो और क्रिकेट को मजबूत बनाने के लिए जरूरी निवेश किया जाए, ताकि इन देशों में क्रिकेट का भविष्य मजबूत हो सके।’’ मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पलानी ने कहा, ‘‘मैं जय शाह को उनके पद पर दोबारा नियुक्त किए जाने पर बधाई देता हूं। मुझे उम्मीद है कि उनके और बोर्ड के साथ मिलकर काम करने का मौका मिलेगा, ताकि क्रिकेट के वैश्विक विस्तार का फायदा सभी सदस्य देशों को मिले और उन्हें आगे बढ़ने के ठोस अवसर मिल सकें।’’

2009 में शुरू हुआ था जय शाह का क्रिकेट प्रशासन का सफर

जय शाह का क्रिकेट प्रशासन से जुड़ाव 2009 में शुरू हुआ था। जय शाह ने अहमदाबाद के सेंट्रल बोर्ड ऑफ क्रिकेट (CBCA) के साथ काम करना शुरू किया। इसके बाद वह गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (GCA) से जुड़े और राज्य स्तर पर क्रिकेट प्रशासन में अपनी भूमिका आगे बढ़ाई। साल 2011 में उन्हें बीसीसीाई की मार्केटिंग कमेटी में शामिल किया गया। साल 2013 में महज 25 साल की उम्र में वह गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव बन गए। इस पद पर रहते हुए उन्होंने BCCI की वार्षिक आम सभा (AGM) की बैठकों में राज्य क्रिकेट संघ का प्रतिनिधित्व भी किया। गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन में संयुक्त सचिव के रूप में काम करते हुए जय शाह ने अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम के बड़े स्तर पर पुनर्विकास की परियोजना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उस समय इस स्टेडियम को दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम बनाने की योजना सामने आई थी।

एशियाई क्रिकेट के विकास में भी जय शाह निभा चुके हैं अहम भूमिका

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई में अपनी भूमिका के बाद जय शाह ने एशियाई क्रिकेट प्रशासन में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली। उन्हें एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। वह इस पद पर पहुंचने वाले सबसे युवा अध्यक्ष भी बने। इसके बाद 2022 में उन्हें आईसीसी की वित्त एवं वाणिज्यिक मामलों की समिति का चेयरमैन बनाया गया। वैश्विक क्रिकेट प्रशासन में उनकी जिम्मेदारियां लगातार बढ़ती गईं और 2024 में उन्हें ICC चेयरमैन चुना गया। अब दूसरे कार्यकाल के लिए निर्विरोध चुने जाने के बाद जय शाह के सामने क्रिकेट को नए बाजारों और दर्शकों तक पहुंचाने के साथ ओलंपिक में इसकी वापसी को सफल बनाने की चुनौती होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here