म्यूजिकल एकल इवेंट में हासिल की स्वर्णिम सफलता, छत्तीसगढ़ की एकमात्र प्रतिभागी रहीं प्रियंका
रायपुर। छत्तीसगढ़ की थाई बॉक्सिंग खिलाड़ी प्रियंका साहू ने गोवा में आयोजित तृतीय वर्ल्ड थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। रायपुर की प्रियंका ने प्रतियोगिता के म्यूजिकल एकल इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। इस अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में प्रियंका छत्तीसगढ़ की एकमात्र प्रतिभागी थीं।
प्रतियोगिता का आयोजन 13 से 15 नवंबर तक गोवा के मापुसा स्थित पीडिम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बॉक्सिंग हॉल में किया गया। इसका आयोजन थाई बॉक्सिंग इंडियन फेडरेशन (टीआईएफ) द्वारा वर्ल्ड थाई बॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में किया गया था। प्रतियोगिता में विदेशी खिलाड़ियों की अनुपस्थिति के कारण विभिन्न राज्यों के भारतीय खिलाड़ियों के बीच मुकाबले आयोजित किए गए। इसके लिए कुछ वजन वर्गों में भी बदलाव किया गया था।
40 किलो वर्ग में प्रतिद्वंद्वी नहीं मिलने पर नहीं खेला मुकाबला
प्रियंका का निर्धारित वजन वर्ग माइनस 40 किलोग्राम था, लेकिन इस वर्ग में अन्य खिलाड़ी उपलब्ध नहीं होने के कारण उनका मुकाबला रद्द हो गया। इसके बाद उन्हें अपने निर्धारित वजन से 10 किलोग्राम अधिक वजन वाले वर्ग में खेलने का प्रस्ताव दिया गया। हालांकि, प्रियंका ने अधिक वजन वर्ग में मुकाबला करने से इनकार कर दिया। इसके बावजूद उन्होंने म्यूजिकल एकल इवेंट में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।
प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित समारोह में फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. कुलदीप सुमनाक्षर एवं महासचिव रविंदर सिंह ने खिलाड़ियों को पदक प्रदान किए। प्रियंका की इस उपलब्धि से छत्तीसगढ़ को अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर पहचान मिली है।


