नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह ने अपने विवाह के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया है। रिंकू सिंह ने परिवार के साथ प्रधानमंत्री से मुलाकात कर उन्हें शादी का निमंत्रण दिया और आशीर्वाद लिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस मुलाकात की तस्वीर उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा की। रिंकू ने इस खास पल को अपने परिवार के लिए यादगार बताते हुए प्रधानमंत्री से मिलकर उन्हें विवाह का न्योता देने और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने पर खुशी जाहिर की।
रिंकू सिंह 4 दिसंबर को लखनऊ में समाजवादी पार्टी की लोकसभा सांसद प्रिया सरोज के साथ सात फेरे लेंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रिंकू सिंह ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘‘अपने परिवार के साथ माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से मिलकर और उन्हें अपनी शादी में आमंत्रित कर और उनका आशीर्वाद पाकर बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं। यह हमारे लिए सचमुच एक बहुत ही खास पल है।’’
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार 13 नवंबर 2026 को रिंकू सिंह की बहन नेहा सिंह, मां बीना देवी और भाई सोनू सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शादी का निमंत्रण दिया था। रिंकू सिंह और प्रिया सरोज के शादी समारोह में पीएम मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा खेल और राजनीति जगत से कई जानी-मानी हस्तियों के आने की खबर है। रिंकू सिंह और प्रिया सरोज का विवाह समारोह लखनऊ स्थित पांच सितारा रमाडा होटल में होगा।
रिंकू सिंह की प्रिया सरोज से शादी पहले नवंबर 2025 में होनी थी, लेकिन उनके क्रिकेट शेड्यूल को देखते हुए तारीख आगे बढ़ा दी गई थी। फरवरी 2026 में रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का निधन हो गया। इस कारण फिर शादी की तारीख टालनी पड़ी थी। भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज की सगाई आठ जून 2025 को हुई थी।
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में 12 अक्टूबर 1997 को जन्में रिंकू सिंह ने भारत के लिए अब तक दो वनडे और 48 टी20 मैच खेले हैं। रिंकू सिंह उस भारतीय टीम का भी हिस्सा थे जिसने इस साल की शुरुआत में टी20 वर्ल्ड कप जीता था।
रिंकू सिंह ने वनडे इंटरनेशनल में 27.50 के औसत 134.14 के स्ट्राइक रेट से 2 मैच में 55 रन बनाए हैं। उनका उच्चतम स्कोर 55 रन है। वहीं टी20 इंटरनेशनल में रिंकू सिंह ने 36.94 के औसत और 156.34 के स्ट्राइक रेट से 702 रन बनाए हैं। टी20 इंटरनेशनल में उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 69 रन है।
मध्यक्रम के बल्लेबाज रिंकू सिंह ने अब तक 202 टी20 मैच खेले हैं। इसकी 171 पारियों में रिंकू सिंह ने 34.32 के औसत और 147.39 के स्ट्राइक रेट से 3844 रन बनाए हैं। टी20 में रिंकू सिंह का उच्चतम स्कोर नाबाद 83 रन है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में रिंकू सिंह 2018 से कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की ओर से खेल रहे हैं। रिंकू सिंह ने आईपीएल में अब तक 73 मैच खेले हैं। इसकी 62 पारियों में रिंकू सिंह ने 34.00 के औसत 145.96 के स्ट्राइक रेट से 1394 रन बनाए हैं। आईपीएल में रिंकू सिंह का उच्चतम स्कोर नाबाद 83 रन है। आईपीएल में वह अब तक 6 अर्धशतक लगा चुके हैं।


