- गौरांशी ने फिर बढ़ाया मध्य प्रदेश का गौरव- नेशनल डेफ चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश के लिए जीता ब्रॉन्ज मेडल
भोपाल: मध्य प्रदेश की मूक-बधिर बैडमिंटन खिलाड़ी गौरांशी शर्मा ने एक बार फिर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। केरल के तिरुवनंतपुरम में आयोजित 28वीं नेशनल डेफ सीनियर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में गौरांशी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बैडमिंटन के सीनियर वर्ग में कांस्य पदक जीता।
यह प्रतियोगिता 12 से 16 नवंबर 2026 तक जिमी जॉर्ज इंडोर स्टेडियम, वेल्लयंबलम में आयोजित हुई। इसमें देशभर के राज्यों से बधिर खिलाड़ियों ने बैडमिंटन, टेबल टेनिस और टेनिस में हिस्सा लिया। इस चैंपियनशिप का आयोजन ऑल इंडिया स्पोर्ट्स काउंसिल ऑफ द डेफ और केरल स्पोर्ट्स काउंसिल ऑफ द डेफ ने किया। इस साल डेफलिंपिक के 100 साल पूरे होने पर यह चैंपियनशिप और भी खास रही। गौरांशी ने अपनी मजबूत इच्छा शक्ति और धैर्यपूर्ण खेल से सभी को प्रभावित किया। कड़े मुकाबलों के बीच उन्होंने पदक पक्का कर मध्य प्रदेश की झोली में एक और मेडल डाल दिया।
गौरांशी की उपलब्धियाँ
गौरांशी जन्म से ही बोल और सुन नहीं पाती हैं, इसके बावजूद उन्होंने बैडमिंटन में वो मुकाम हासिल किया है, जो किसी प्रेरणा से कम नहीं है। उन्होंने ब्राजील डेफलिंपिक 2022 में टीम गोल्ड, ब्राजील वर्ल्ड डेफ चैंपियनशिप 2023 में टीम गोल्ड और अभी अक्टूबर 2026 में मलेशिया में हुई एशिया पैसिफिक डेफ बैडमिंटन चैंपियनशिप में जापान को हराकर टीम गोल्ड जीता था।
गौरांशी भारत की पहली मूक-बधिर ब्रांड एंबेसडर और यूनिसेफ की यूथ एडवोकेट भी हैं। उन्हें मध्य प्रदेश सरकार एकलव्य पुरस्कार से भी सम्मानित कर चुकी है। गौरांशी की इस सफलता पर खेल प्रेमियों, कोच और परिजनों ने बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


