नई दिल्ली : भारत के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में शुक्रवार (20 नवंबर) को न्यूजीलैंड की टीम ने 368 रन का अच्छा स्कोर बनाया। इसमें हेनरी निकोल्स 175 रन की पारी का योगदान अहम रहा। निकोल्स के वेलिंग्टन के बेसिन रिजर्व में आंकड़े शानदार हैं। उनका इस वेन्यू पर 91 का औसत है। उन्होंने 1098 रन बनाए हैं। अन्य मैदानों पर उनका औसत 33 का है।
बेसिन रिजर्व में हेनरी निकोल्स की प्रदर्शन की बात करें तो 11 मैच की 15 पारी में 91.5 के औसत से 1098 रन बनाए हैं। उन्होंने 4 अर्धशतक और 5 शतक लगाए हैं। अन्य वेन्यू पर उन्होंने 50 मैच की 80 पारी में 33.36 के औसत से 2435 रन बनाए हैं। इसमें 8 अर्धशतक और 7 शतक शामिल हैं।
पहले ओवर में ही क्रीज पर पहुंचे निकोल्स
भारत के खिलाफ पहले टेस्ट में बल्लेबाजी की बात करें तो निकोल्स क्रीज पर पहले ही ओवर में चौथी गेंद पर आ गए। टॉम लैथम बगैर खाता खोले पवेलियन लौट गए। भारतीय गेंदबाजों ने पहले दिन दूसरे सत्र की शुरुआत तक 5 विकेट चटका लिए थे, लेकिन निकोल्स सहजता से बल्लेबाजी करते दिखे। इससे पहले उन्होंने भारत के खिलाफ एक अर्धशतक तक नहीं लगाया था। इस मैच में वह आउट ही नहीं हुए।
निकोल्स ने अंत तक संभाला मोर्चा
निकोल्स ने ग्लेन फिलिप्स के साथ 216 रनों की साझेदारी की। फिलिप्स ने 118 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद कीवी टीम 82 रन और जोड़कर ऑलआउट हुई, लेकिन निकोल्स नाबाद रहे। उन्होंने 82 रन में 47 रन बनाए। उन्होंने 335 गेंद पर 21 चौके की मदद से 175 रन बनाए।


