नई दिल्ली : श्रीलंका के पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने को 2027 सीजन से पहले दिल्ली कैपिटल्स की महिला प्रीमियर लीग (WPL) टीम का ‘डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट’ नियुक्त किया गया है। फ्रेंचाइजी की ओर से जारी एक बयान में पुष्टि की गई है कि जयवर्धने टीम से जुड़े सभी क्रिकेट मामलों की देखरेख करेंगे, जिसमें ‘टीम की रणनीति, प्रतिभा की पहचान, और खिलाड़ियों तथा कोचिंग स्टाफ का विकास’ शामिल है।
इसके साथ ही जयवर्धने 13 साल से भी ज्यादा समय बाद दिल्ली कैपिटल्स के सेटअप में वापस आ गए हैं। इससे पहले, 2012 और 2013 के दो आईपीएल सीजन में वे इस टीम (जिसे तब दिल्ली डेयरडेविल्स के नाम से जाना जाता था) का हिस्सा रहे थे। दूसरे सीजन में उन्होंने टीम की कप्तानी भी की थी। हाल ही में, वह आईपीएल में मुंबई इंडियंस के हेड कोच के पद से अलग हुए हैं। उनके कार्यकाल के दौरान टीम ने 2017, 2019 और 2020 में तीन बार खिताब जीता था।
डब्ल्यूपीएल ट्रॉफी जीतने के इरादे से उतरेगी दिल्ली कैपिटल्स
जयवर्धने पर दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी में अपनी चैंपियन बनने की सोच लाने की जिम्मेदारी होगी। डब्ल्यूपीएल में चार बार उपविजेता रहने के बाद दिल्ली कैपिटल्स अब भी अपने पहले खिताब की तलाश में है। टूर्नामेंट का पांचवां संस्करण 14 जनवरी 2027 से शुरू होगा। इसके दो दिन बाद वडोदरा में कैपिटल्स का मुकाबला मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा।
दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ने के बाद महेला जयवर्धने ने क्या कहा?
महेला जयवर्धने ने नियुक्ति पर कहा, ‘दिल्ली कैपिटल्स की एक मजबूत पहचान है और महिला क्रिकेट के भविष्य के लिए उनके पास एक शानदार विजन है। डब्ल्यूपीएल टीम के लिए ‘डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट’की भूमिका संभालकर मुझे बहुत खुशी हो रही है। इस टूर्नामेंट में महिला क्रिकेट के भविष्य को संवारने की अपार संभावनाएं हैं और मैं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के एक बेहतरीन समूह तथा अनुभवी सपोर्ट टीम के साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं। मेरा ध्यान टीम की मौजूदा खूबियों को और निखारने, प्रदर्शन में निरंतरता लाने और यह सुनिश्चित करने पर होगा कि हम लगातार आगे बढ़ें और खिताब के लिए मुकाबला करें। हम सब मिलकर जो कुछ हासिल कर सकते हैं, उसे लेकर मैं बहुत उत्साहित हूं।’


