नई दिल्ली : न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच की पहली पारी में भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल ने शानदार पारी खेली, लेकिन शतक से चूक गए। यशस्वी बेशक अपने शतक से चूक गए, लेकिन अपनी इस पारी के दम पर वो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में रन बनाने के मामले में विराट कोहली से आगे आ गए और टॉप-5 में एंट्री मार ली। वहीं विराट कोहली अब शीर्ष पांच की लिस्ट से बाहर हो गए।
यशस्वी ने तोड़ा विराट कोहली का रिकॉर्ड, टॉप-5 में बनाई जगह
यशस्वी जायसवाल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में 89 गेंदों पर 16 चौकों की मदद से 85 रन की पारी खेली। अपनी इस अर्धशतकीय पारी के दौरान यशस्वी ने विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में रन बनाने के मामले में उनसे आगे निकल गए। यशस्वी ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में अब तक कुल 2673 रन बनाए हैं जबकि विराट कोहली ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में खेले 46 मैचों में 2617 रन बनाए थे।
भारत की तरफ से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में ऋषभ पंत पहले स्थान पर मौजूद हैं जिनके नाम पर अभी 2948 रन दर्ज हैं। पंत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 3000 रन बनाने का काफी करीब हैं और वो 52 रन बनाते ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 3000 रन बनाने वाले पहले भारतीय भी बन जाएंगे। वहीं वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर शुभमन गिल हैं जिन्होंने अब तक कुल 2917 रन बनाए हैं। रोहित शर्मा 2716 रन के साथ तीसरे जबकि रविंद्र जडेजा 2675 रन के साथ चौथे नंबर पर हैं। (ये आंकड़े खबर लिखे जाने तक के हैं जिनमें बाद में बदलाव हो सकते हैं।)
WTC में सर्वाधिक रन बनाने वाले टॉप-6 भारतीय
ऋषभ पंत- 2948 रन
शुभमन गिल- 2917 रन
रोहित शर्मा- 2716 रन
रविंद्र जडेजा- 2675 रन
यशस्वी जायसवाल- 2673 रन
विराट कोहली- 2617 रन


