पलक सिंह और महक नरवसे का भारतीय अंडर-19 टीम में चयन, इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में लेंगी हिस्सा

0
Palak Singh

राजपुर: छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की दो प्रतिभाशाली महिला क्रिकेट खिलाड़ी पलक सिंह और महक नरवसे का भारतीय महिला अंडर-19 टी-20 टीम में चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ी 26 नवंबर से 6 दिसंबर 2026 तक इंग्लैंड के खिलाफ आयोजित होने वाली पांच मैचों की टी-20 सीरीज में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी।

पलक सिंह – मध्यम तेज गेंदबाज

पलक सिंह छत्तीसगढ़ की उभरती हुई मध्यम तेज गेंदबाज हैं। अपनी गेंदबाजी कौशल, अनुशासन और निरंतर बेहतर प्रदर्शन के दम पर उन्होंने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया है। पिछले वर्ष आयोजित विमेंस प्रीमियर लीग की स्पीड क्वीन प्रतियोगिता में उन्होंने 106 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर स्वर्ण पदक हासिल किया था। पिछले वर्ष आठ मैचों में पांच विकेट हासिल कर उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

महक नरवसे – गेंदबाजी ऑलराउंडर

महक नरवसे छत्तीसगढ़ की प्रतिभाशाली गेंदबाजी ऑलराउंडर हैं। वह घरेलू क्रिकेट में छत्तीसगढ़ महिला टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। अपनी बल्लेबाजी एवं गेंदबाजी, दोनों क्षमताओं के लिए जानी जाने वाली महक भारतीय महिला अंडर-19 टीम की उपकप्तान भी रह चुकी हैं।

पिछले घरेलू सत्र में दोनों खिलाड़ियों का प्रभावशाली प्रदर्शन

महक नरवसे ने पिछले घरेलू सत्र में अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से खास पहचान बनाई। सीनियर महिला वनडे ट्रॉफी 2025-26 में उन्होंने 212 रन बनाने के साथ 20 विकेट हासिल किए। महिला अंडर-19 वनडे ट्रॉफी में चार मैचों में 67 रन बनाने के साथ आठ विकेट लिए, जबकि महिला अंडर-23 टी-20 ट्रॉफी में 53 रन बनाने के साथ सात विकेट हासिल किए। महिला अंडर-19 टी-20 ट्रॉफी में भी उन्होंने चार मैचों में पांच विकेट लेकर अपनी गेंदबाजी क्षमता का परिचय दिया।

Mahak Narwase
भारत बनाम इंग्लैंड महिला अंडर-19 टी-20 सीरीज का कार्यक्रम

मैच दिनांक स्थान
पहला टी-20 26 नवंबर 2026 वडोदरा
दूसरा टी-20 28 नवंबर 2026 वडोदरा
तीसरा टी-20 1 दिसंबर 2026 सूरत
चौथा टी-20 3 दिसंबर 2026 सूरत
पांचवां टी-20 6 दिसंबर 2026 सूरत

छत्तीसगढ़ की दोनों खिलाड़ियों का भारतीय टीम में चयन प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उनके इस चयन से प्रदेश के महिला क्रिकेट जगत में खुशी का माहौल है। दोनों खिलाड़ियों से आगामी अंतरराष्ट्रीय सीरीज में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here