- एसोसिएट पदाधिकारियों की नियुक्ति, क्लब को मान्यता एवं स्व ओमप्रकाश श्रीवास्तव स्मृति हॉकी प्रतियोगिता के आयोजन का निर्णय
राजनांदगांव। एमेच्योर जिला हॉकी संघ राजनांदगांव की नवगठित कार्यकारिणी की प्रथम बैठक आज आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष फिरोज़ अंसारी ने की। सर्वप्रथम उन्होंने उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का स्वागत करते हुए बैठक के निर्धारित एजेंडे की जानकारी दी तथा आगामी कार्यवाही के लिए संघ के सचिव शिवनारायण धकेता से आग्रह किया। बैठक में सचिव शिवनारायण धकेता ने निर्धारित एजेंडे के तहत पूर्व कार्यकाल के आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। इसमें भारतीय हॉकी के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम तथा जिला हॉकी संघ के निर्वाचन में हुए व्यय की विस्तृत जानकारी सदन के समक्ष रखी गई।

एसोसिएट पदाधिकारियों की घोषणा
बैठक में संघ की कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए सर्वसम्मति से ज्ञानचंद जैन को एसोसिएट उपाध्यक्ष, योगेश द्विवेदी एवं आशीष सिन्हा को एसोसिएट सह सचिव तथा किशोर धीवर एवं अनीश रजा को एसोसिएट कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया। इसी क्रम में रुद्राक्षम वेलफेयर सोसाइटी द्वारा क्लब की मान्यता के लिए प्रस्तुत आवेदन पर सदन में विचार-विमर्श किया गया। चर्चा के पश्चात उपस्थित सदस्यों की सर्वसम्मति से रुद्राक्षम वेलफेयर सोसाइटी को जिला हॉकी संघ से संबद्ध क्लब के रूप में मान्यता प्रदान करने का निर्णय लिया गया।

6 से 13 दिसंबर तक होगी ओमप्रकाश श्रीवास्तव स्मृति हॉकी प्रतियोगिता
बैठक में आगामी हॉकी प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि इस वर्ष हॉकी प्रतियोगिता दिवंगत पूर्व हाकी खिलाड़ी स्वर्गीय ओमप्रकाश श्रीवास्तव की स्मृति में 6 से 13 दिसंबर 2026 तक अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, राजनांदगांव में छोटे पिच पर आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता सीनियर वर्ग के साथ ,सब-जूनियर वर्ग में भी आयोजित होगी ।
प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए आयोजन समिति का गठन किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ हॉकी के उपाध्यक्ष वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी नीलमचंद बैद को संयोजक, आशीष सिन्हा को सह-संयोजक तथा किशोर धीवर को आयोजन सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं अनुराज श्रीवास्तव, मृणाल चौबे, विकास वैष्णव, दिग्विजय श्रीवास्तव, जावेद खान, योगेश द्विवेदी, सचिन खोबरागड़े, शकील अहमद, अभिनव मिश्रा, खुशाल यादव एवं अनीश रजा को आयोजन समिति का सदस्य बनाया गया।
प्रतियोगिता की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इसके तहत अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के छोटे मैदान की साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाएगा। साथ ही मैदान के स्प्रिंकलर की मरम्मत के लिए खेल विभाग के सहायक संचालक से समन्वय कर आवश्यक पत्राचार किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के सफल आयोजन पर राज्य शासन का आभार
बैठक में विगत दिनों रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष, सचिव एवं समस्त पदाधिकारियों ने राज्य शासन तथा प्रदेश के मुखमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह सहित लीग के मुख्य सूत्रधार उपमुख्यमंत्री तथा खेल मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही लीग में राजनांदगांव का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों, कोच, मैनेजर एवं ऑफिशियल का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस अवसर पर संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की टीम के खिलाड़ियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। उल्लेखनीय है कि संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में द्वितीय स्थान प्राप्त कर राजनांदगांव का गौरव बढ़ाया। टीम के मैनेजर एवं खिलाड़ियों द्वारा प्रतियोगिता में प्राप्त उपविजेता की चमचमाती ट्रॉफी जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज़ अंसारी एवं सचिव शिवनारायण धकेता को भेंट की गई।
बैठक में संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आगामी हॉकी प्रतियोगिता को सफल बनाने तथा जिले में हॉकी खेल के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक में प्रमुख रूप से छत्तीसगढ़ हॉकी के उपाध्यक्ष नीलम जैन,जिला हाकी के उपाध्यक्ष भूषण साव, पदाधिकारी कुमार स्वामी,महेंद्र सिंह ठाकुर, गणेश प्रसाद शर्मा (गन्नू)मृणाल चौबे, श्रीमती आशा थॉमस, ज्ञानचंद जैन, अरुण श्रीवास्तव, खुशाल यादव, सचिन खोबरागड़े, किशोर धीवर, दीपक यादव, मोहम्मद जावेद, आशीष सिन्हा, योगेश द्विवेदी, दिग्विजय श्रीवास्तव, अभिनव मिश्रा, श्रीमती बबीता लिल्हारे, कृष्णा यादव, तरुण यादव, आदित्य नेताम, मुहूर्त कौशिक, अभिषेक यादव, ओम यादव, आयुष साहू, प्रकाश पटेल, सोमनाथ यादव, कुशल यादव सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।


