नई दिल्ली : दोहा में इंडिया ए और पाकिस्तान ए के बीच मुकाबले में क्रिकेट के साथ मैदान पर तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने पाकिस्तान ए की पारी के दौरान अपनी गेंदबाजी से बल्लेबाजों पर दबाव बनाया। उनकी एक तेज बाउंसर मोहम्मद इमरान रंधावा के हेलमेट पर जा लगी। इस दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच कुछ गहमागहमी भी हुई। मुकाबले का माहौल तब और गरमा गया जब हर्षित राणा इंडिया ए की पारी में आउट हुए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्हें आउट करते ही पाकिस्तानी खिलाड़ी आक्रामक अंदाज में उनकी तरफ बढ़े। सुफियान मुकीम भी उनसे उलझने के लिए आगे आए। हालात संभालने के लिए अंपायरों को बीच में आना पड़ा।
बाउंसर लगने के बाद हर्षित राणा और रंधावा के बीच बढ़ा विवाद
पाकिस्तान ए की पारी के 40वें ओवर में हर्षित राणा गेंदबाजी कर रहे थे। ओवर की तीसरी गेंद पर मोहम्मद इमरान रंधावा के खिलाफ भारतीय खिलाड़ियों ने कैच की जोरदार अपील की। हर्षित राणा और विकेटकीपर कुमार कुशाग्र को भरोसा था कि गेंद बल्लेबाज के ग्लव्स से लगकर निकली है, लेकिन अंपायर ने अपील खारिज कर दी। इसके बाद हर्षित राणा बल्लेबाज के करीब गए और उनसे कुछ कहते नजर आए। अगली गेंद पर मोहम्मद इमरान रंधावा ने बल्ले का किनारा लेकर चौका जड़ दिया। इसके बाद ओवर की पांचवीं गेंद पर हर्षित ने यॉर्कर डाली, जिसे इमरान रंधावा ने मिडविकेट की तरफ खेलकर एक रन लिया।
इस दौरान मोहम्मद इमरान रंधावा का कंधा हर्षित राणा से टकरा गया। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। अंपायर को बीच में आकर हर्षित राणा को शांत रहने के लिए कहना पड़ा। इसी ओवर की अगली गेंद पर हर्षित राणा ने मोहम्मद इमरान रंधावा को तेज बाउंसर मारी। गेंद तेजी से उछली और रंधावा के हेलमेट की ग्रिल से लगते हुए ऑफ साइड में चली गई। भारतीय खिलाड़ियों ने फिर अपील की। अंपायर ने खारिज कर दिया। इमरान रंधावा की जांच के लिए फिजियो मैदान पर आये और अनिवार्य कन्कशन चेक किया। इस ओवर में पाकिस्तान ए ने 13 रन बनाए। हर्षित राणा की नो-बॉल पर मिले फ्री हिट का फायदा उठाते हुए फरहान यूसुफ ने छक्का भी जड़ा।
हर्षित राणा का विकेट गिरते ही पाकिस्तानी खिलाड़ियों का आक्रामक रुख
मैदान पर हुई गहमागहमी का दूसरा और ज्यादा दिलचस्प घटनाक्रम इंडिया ए की पारी के 45वें ओवर में देखने को मिला। मोहम्मद इमरान रंधावा गेंदबाजी कर रहे थे। मोहम्मद इमरान रंधावा ने हर्षित राणा को फुलटॉस गेंद डाली। बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में हर्षित राणा गेंद को जल्दी खेल बैठे। गेंद बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर हवा में उछली और डीप मिडविकेट की तरफ चली गई। वहां फरहान यूसुफ ने कैच लपकने में कोई गलती नहीं की।
हर्षित राणा दो गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए। हालांकि, उनके विकेट का जश्न मनाने के बजाय पाकिस्तानी खिलाड़ियों का ध्यान हर्षित राणा की तरफ चला गया। कई खिलाड़ी उनकी ओर आक्रामक अंदाज में बढ़ने लगे। सुफियान मुकीम भी हर्षित राणा के करीब पहुंचे और उनसे कुछ कहते नजर आए। हर्षित राणा वहां से आगे बढ़ते रहे, लेकिन पाकिस्तानी खिलाड़ियों का आक्रामक रुख जारी रहा। इस दौरान सुफियान मुकीम का रुख भी काफी आक्रामक था। आखिरकार अली रजा ने उन्हें पीछे खींचा। मैदान पर स्थिति बिगड़ती देख अंपायरों ने हस्तक्षेप किया और खिलाड़ियों को अलग करने की कोशिश की। इंडिया ए के तिलक वर्मा भी इस दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ियों से बात करते नजर आए।
पहली पारी में हुई नोकझोंक का असर दूसरी पारी में भी दिखा
दोनों पारियों की घटनाओं को देखें तो हर्षित राणा और पाकिस्तान ए के खिलाड़ियों के बीच तनाव लगातार बना रहा। पाकिस्तान ए की पारी में हर्षित की तेज गेंदबाजी, रंधावा के हेलमेट पर लगी बाउंसर और दोनों के बीच हुई बहस ने मुकाबले का तापमान बढ़ाया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इंडिया ए की पारी में हर्षित राणा के आउट होने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों की प्रतिक्रिया ने मैदान पर फिर माहौल गरमा दिया। इस पूरे घटनाक्रम में सबसे ज्यादा चर्चा हर्षित राणा के आउट होने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों के व्यवहार की रही। विकेट मिलने के बाद खिलाड़ियों का इस तरह एक बल्लेबाज की तरफ बढ़ना और अंपायरों को बीच-बचाव के लिए आना मुकाबले के सबसे चर्चित पलों में शामिल हो गया।


