तिलक वर्मा ने हार के बाद बताई टीम इंडिया-ए की चूक, विकेट गिरने को बताया वजह

0

नई दिल्ली : एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में रविवार (22 नवंबर) को पाकिस्तान ए के हाथों 48 रन से मिली हार के बाद इंडिया ए के कप्तान तिलक वर्मा ने मिडिल ऑर्डर में अच्छी साझेदारियां न बन पाने पर निराशा जताई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इसके अलावा उन्होंने कहा कि लगातार विकेट न गिरते तो 47वें-48वें ओवर तक जीत जाते। 314 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंडिया ए की टीम 129 रनों पर 6 विकेट गंवाकर काफी मुश्किल स्थिति में थी। इसके बाद तिलक वर्मा और शाहबाज अहमद ने सातवें विकेट के लिए 112 रनों की साझेदारी की। शाहबाज ने 41 गेंदों में 56 रन बनाए, जबकि तिलक 149 गेंदों में 100 रन बनाकर नाबाद रहे। हालांकि, उनकी यह कोशिश काफी नहीं रही और पूरी भारतीय टीम 265 रनों पर ऑलआउट हो गई।

पाकिस्तान-ए से हार के बाद तिलक वर्मा ने क्या कहा?

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मैच के बाद तिलक ने कहा, ‘अभिषेक ने जिस तरह से शुरुआत की और बीच में शाहबाज ने जिस तरह से मेरा साथ दिया वह बहुत अहम था। बदकिस्मती से जब हम रन-रेट बढ़ाना चाहते थे, तब शाहबाज आउट हो गए। अगर वह दो ओवर और टिक जाते, तो मैं मैच फिनिश कर सकता था।’ तिलक ने पाकिस्तान के तेज़ गेंदबाज़ों के अनुशासित प्रदर्शन की भी तारीफ़ की, लेकिन उनका मानना ​​था कि भारत ने लगातार विकेट गंवाकर मैच अपने हाथ से जाने दिया।

तिलक वर्मा ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर तारीफ की

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तिलक ने कहा, ’शुरुआत में यानी पहले 10 ओवरों में गेंद थोड़ी स्विंग हो रही थी। इसका श्रेय उन दो तेज गेंदबाजों को जाता है जिन्होंने बहुत अच्छी लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी की, लेकिन साथ ही बीच में हमने लगातार विकेट गंवा दिए। वरना, हम 47वें या 48वें ओवर में ही मैच अपने नाम कर सकते थे।’

तिलक ने संभाली पारी, लेकिन बाकी बल्लेबाज नहीं दे सके साथ

शतक लगाने के बावजूद तिलक ने इसे अपनी सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी पारियों में से एक नहीं माना। इंडिया ए के कप्तान के लिए उनके व्यक्तिगत प्रयास से कहीं अधिक मायने परिणाम रखता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, ‘मैं ऐसा नहीं कहूंगा। मेरे लिए सबसे अच्छी बात मैच जीतना है। अगर मैं मैच नहीं जीत पाता, तो वह (पारी) मेरे लिए अच्छी नहीं है। मैं हमेशा मैच को जितना हो सके उतना आगे तक ले जाना चाहता हूं। आज भी मैं यही कोशिश कर रहा था। अगर कोई और बल्लेबाज मुझे साथ देता, तो मैं मैच खत्म कर सकता था।’

कप्तानी को लेकर तिलक वर्मा ने क्या कहा?

तिलक ने टीम की कप्तानी करने से जुड़ी जिम्मेदारी के बारे में भी बात की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि उन्हें मुश्किल हालात में टीम को आगे ले जाना अच्छा लगता है। उन्होंने कहा, ’अगर आप टीम के कप्तान हैं, तो आपको वह बोझ और जिम्मेदारी उठानी चाहिए। इसलिए, सच कहूं तो मुझे ऐसा करना बहुत पसंद है। आखिरकार, भगवान की कृपा है कि उन्होंने मुझे ये रन बनाने का मौका दिया।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here