कार्लोस अल्काराज की ऐतिहासिक उपलब्धि, चोट के बावजूद बने एटीपी फाइनल्स चैंपियन

0
  • अल्काराज ने ज्वेरेव (6-2, 7-6) को हराकर पहली बार ATP फाइनल्स जीता।
  • वह करियर ग्रैंड स्लैम और ATP फाइनल्स दोनों जीतने वाले चौथे खिलाड़ी बने।
  • उनसे पहले सिर्फ अगासी, फेडरर और जोकोविच ही यह कर पाए थे।

नई दिल्ली : स्पेन के युवा टेनिस स्टार खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज ने अपने करियर में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ दिया है। इटली के ट्यूरिन में खेले गए खिताबी मुकाबले में अल्काराज ने जर्मनी के वर्ल्ड नंबर-1 अलेक्जेंडर ज्वेरेव को सीधे सेटों में 6-2, 7-6 (7) से शिकस्त देकर पहली बार एसोसिएशन ऑफ टेनिस प्रोफेशनल्स (ATP) फाइनल्स की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। वहीं इस जीत के साथ ही 23 वर्षीय अल्काराज करियर ग्रैंड स्लैम और ATP फाइनल्स दोनों जीतने वाले दुनिया के चौथे खिलाड़ी बन गए हैं। हालांकि उनसे पहले यह कारनामा सिर्फ आंद्रे अगासी, रोजर फेडरर और नोवाक जोकोविच ही कर पाए थे।

खिताब जीतने के बाद क्यों भावुक हुए कार्लोस अल्काराज? जानें वजह

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस ऐतिहासिक जीत के बाद कार्लोस अल्काराज ने कहा कि महान खिलाड़ियों के साथ अपना नाम जुड़ना उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा कि मेरे लिए यह किसी सपने के सच होने जैसा है। मैं और मेरी टीम पिछले कुछ समय से काफी मुश्किल दौर से गुजरे हैं, लेकिन अब मैं अपना सर्वश्रेष्ठ टेनिस खेल रहा हूं। इस ट्रॉफी का मुझे लंबे समय से इंतजार था। दूसरी तरफ, उपविजेता रहे ज्वेरेव ने अल्काराज की तारीफ करते हुए मजाकिया लहजे में कहा कि आप महज 23 साल की उम्र में ही इस खेल के लेजेंड बन चुके हैं, अगर आप कल संन्यास भी ले लें तो भी कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

चोट के बावजूद खिताब जीता, अल्काराज ने कमाए 43 करोड़ रुपये

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आपको बता दें कि अल्काराज के लिए यह सफर आसान नहीं था। दाई कलाई की चोट के कारण वे इस साल 4 महीने कोर्ट से बाहर रहे थे। फाइनल में भी उनकी बाई हैमस्ट्रिंग और दाएं घुटने पर टेप बंधा था। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और वियना तथा पेरिस के बाद ट्यूरिन में जीत दर्ज कर लगातार 14वां मुकाबला जीता। इस खिताबी जीत पर उन्हें करीब 5.2 मिलियन डॉलर यानी लगभग 43 करोड़ रुपये की इनामी राशि मिली।

ज्वेरेव की सर्विस टूटी, टाईब्रेकर में गंवाए 3 सेट पॉइंट

पूरे टूर्नामेंट में अपनी सर्विस न गंवाने वाले ज्वेरेव फाइनल में दबाव में दिखे। अल्काराज ने पहले सेट में उनकी सर्विस 3 बार तोड़ी। इस दौरान अल्काराज के एक शानदार ‘ट्वीनेर’ (पैरों के बीच से शॉट) ने ज्वेरेव को इतना झल्ला दिया कि उन्होंने गुस्से में अपना रैकेट पटक दिया। दूसरे सेट में ज्वेरेव ने वापसी की और टाईब्रेकर तक मैच ले गए, लेकिन वहां 3 सेट पॉइंट गंवाने का खामियाजा उन्हें हार के रूप में भुगतना पड़ा।

अब कार्लोस अल्काराज की नजरें डेविस कप पर

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस जीत से ज्वेरेव के खिलाफ अल्काराज का करियर रिकॉर्ड 8-6 हो गया है। मैच के बाद ज्वेरेव ने स्वीकार किया कि पुराने टखने के दर्द के कारण वे अपनी सबसे बड़ी ताकत यानी ‘सर्विस’ का सही इस्तेमाल नहीं कर पाए। अब दोनों खिलाड़ी मंगलवार से इटली के बोलोग्ना में शुरू हो रहे डेविस कप फाइनल-8 में अपने-अपने देशों का प्रतिनिधित्व करेंगे, हालांकि ज्वेरेव का खेलना संदिग्ध है। वहीं, डबल्स का खिताब फ्रांस के थियो एरिबेज और अल्बानो ओलिवेटी की जोड़ी ने जीता।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here