-
प्रशांत सिंह रघुवंशी भारतीय कायाकिंग एवं कैनोइंग संघ के कोषाध्यक्ष निर्वाचित
रायपुर : नेशनल स्पोर्ट्स कोड लागू होने के बाद भारतीय कायाकिंग एवं कैनोइंग संघ की चुनाव प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस चुनाव में संगठन के तीन महत्वपूर्ण पदों में से एक पद पर छत्तीसगढ़ को जिम्मेदारी मिलना राज्य के खेल जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे राष्ट्रीय खेल प्रशासन में छत्तीसगढ़ की भागीदारी और प्रभाव को नई मजबूती मिली है।
भारतीय कायाकिंग एवं कैनोइंग संघ के तीन महत्वपूर्ण पद
- अध्यक्ष – प्रशांत कुशवाहा
- सचिव – विपिन दास
- कोषाध्यक्ष – प्रशांत सिंह रघुवंशी
प्रदेश में कायाकिंग एवं कैनोइंग खेल को विकसित करने तथा राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में प्रशांत सिंह रघुवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विगत वर्षों में उनके प्रयासों से प्रदेश में इस खेल की गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा मिला है। खिलाड़ियों को खेल उपकरण उपलब्ध कराने, प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं के अवसर बढ़ाने, राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पदक उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करने तथा खेल गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।
आज छत्तीसगढ़ प्रदेश कायाकिंग कैनोइंग एसोसिएशन के पास स्प्रिंट वर्ग में K-1 कैटेगरी की 8 बोट, K-2 कैटेगरी की 8 बोट, K-4 कैटेगरी की 8 बोट, C-1 कैटेगरी की 8 बोट, C-2 कैटेगरी की 8 बोट, C-4 कैटेगरी की 8 बोट के साथ-साथ पैरा कैनो की 2 बोट और कैनो स्लालम की 2 बोट उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त ड्रैगन बोट भी शीघ्र आने वाली है।
छत्तीसगढ़ में कायाकिंग एवं कैनोइंग खेल की गतिविधियों को निरंतर गति देने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की पहचान स्थापित करने का प्रयास किया गया है। राज्य में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का गरिमापूर्ण आयोजन, खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करना और खेल के आधारभूत ढांचे को विकसित करने की दिशा में किए गए कार्य प्रदेश की खेल क्षमता को दर्शाते हैं। इसमें कोच नियुक्त कर नियमित प्रशिक्षण करवाना, जगदलपुर और दंतेवाड़ा में अकादमी खुलवाना तथा इसके लिए राज्य के हर जिले में जाकर प्रयास करना शामिल है, इसके साथ ही चार साल में राज्य के खिलाड़ियो ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 40 मेडल्स भी प्राप्त किए हैं जो कि ओलंपिक खेलों में राज्य के किसी भी ओलंपिक खेल के द्वारा प्राप्त किए गए सर्वाधिक पदक है
राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी केवल बड़े स्टेडियम या आधारभूत सुविधाओं तक सीमित नहीं होती, बल्कि इसके लिए मजबूत खेल प्रशासन, अनुभवी नेतृत्व, राष्ट्रीय खेल संगठनों में प्रभावी प्रतिनिधित्व, प्रतियोगिताओं के आयोजन का अनुभव, खिलाड़ियों की उपलब्धियां और सरकार की खेल विकास नीति भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इन सभी पहलुओं को देखते हुए छत्तीसगढ़ ने पिछले कुछ वर्षों में खेल के क्षेत्र में अपनी स्थिति मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय प्रयास किए हैं। कायाकिंग एवं कैनोइंग जैसे जल आधारित खेलों में प्रदेश की बढ़ती पहचान, राष्ट्रीय संगठन में मिली जिम्मेदारी और प्रतियोगिताओं के आयोजन का अनुभव आगामी राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी के लिए छत्तीसगढ़ की दावेदारी को एक सकारात्मक आधार प्रदान करता है। हाल ही में रायपुर के सेंध लेक में राष्ट्रीय जूनियर एवं सब-जूनियर प्रतियोगिता, अस्मिता खेलो इंडिया वूमेन लीग का सफल आयोजन, नेशनल एक्सीलेंस सेंटर खुलवाने का प्रयास और भारतीय कायाकिंग एवं कैनोइंग संघ की वार्षिक आम सभा का सफल आयोजन भी इसी कड़ी में शामिल है।
भारतीय ओलंपिक खेल महासंघों में छत्तीसगढ़ को अभी तक तीसरी जिम्मेदारी मिली है। राज्य से राष्ट्रीय खेल संघ में ओलंपिक खेलों के तीन महत्वपूर्ण पदों – अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष पर चुनाव जीतने वाले तीसरे प्रशासक बने हैं।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कायाकिंग कैनोइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री बलदेव सिंह भाटिया, सचिव श्री अभिजीत मिश्रा, सहसचिव श्री अमरजीत छाबड़ा, डॉ. नवीन बाफना सहित सभी पदाधिकारियों ने अपनी शुभकामनाएँ दीं।
“इस उपलब्धि के पीछे भारतीय कायाकिंग एवं कैनोइंग संघ का मुझ पर जताया गया विश्वास, छत्तीसगढ़ प्रदेश कायाकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री बलदेव सिंह भाटिया जी का बहुत बहुत आभारी हु जिन्होंने मुझे खेलो के लिए जिम्मेदारी दी जिसका परिणाम निरतर मुझे मिल रहा है पदाधिकारियों का निरंतर सहयोग, प्रदेश के खिलाड़ियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा देशभर के विभिन्न राज्यों के पदाधिकारियों का समर्थन एवं विश्वास प्रमुख रहा है। मैं सभी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।”
– प्रशांत सिंह रघुवंशी कोषाध्यक्ष, भारतीय कायाकिंग एवं कैनोइंग संघ


