- बालक वर्ग में जांजगीर-चांपा बना चैंपियन, बालिका वर्ग में दुर्ग ने मारी बाजी; रोमांचक फाइनल में जांजगीर ने दुर्ग को 27-26 से हराया
जांजगीर। नेटबॉल एसोसिएशन ऑफ जांजगीर-चांपा एवं नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 5वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय जूनियर नेटबॉल प्रतियोगिता का समापन 22 नवंबर को जांजगीर के हाई स्कूल मैदान में हुआ। दो दिवसीय इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मेजबान जांजगीर-चांपा जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक वर्ग का खिताब अपने नाम किया, वहीं बालिका वर्ग में दुर्ग जिले की टीम चैंपियन बनी।
बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहा। इसमें मेजबान जांजगीर-चांपा की टीम ने दुर्ग जिले को कड़े मुकाबले में 27-26 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। वहीं बालिका वर्ग के फाइनल में दुर्ग की टीम ने धमतरी को 25-18 से हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे।
बालक वर्ग
– प्रथम स्थान – जांजगीर-चांपा जिला
– द्वितीय स्थान – दुर्ग जिला
– तृतीय स्थान – राजनांदगांव एवं धमतरी जिला (संयुक्त रूप से)
बालिका वर्ग
– प्रथम स्थान – दुर्ग जिला
– द्वितीय स्थान – धमतरी जिला
– तृतीय स्थान – कोरबा एवं रायपुर जिला (संयुक्त रूप से)
प्रतियोगिता में बालक वर्ग की 15 एवं बालिका वर्ग की 16 टीमों ने हिस्सा लिया। लीग कम नॉकआउट पद्धति से आयोजित मुकाबलों में प्रदेश के विभिन्न जिलों से कुल 433 खिलाड़ी, कोच, मैनेजर एवं ऑफिशियल शामिल हुए।
प्रतियोगिता का उद्घाटन 21 नवंबर को जांजगीर-नैला नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देव गढ़ेवाल की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष मोहन यादव, जशपुर भाजपा प्रभारी अमर सुल्तानिया, वार्ड क्रमांक 8 के पार्षद विवेक सिंह, एल्डरमैन रितेश राठौर, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष हितेश यादव, सचिव जितेंद्र तिवारी, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज पांडे, जिला खेल अधिकारी खेल एवं युवा कल्याण विभाग जांजगीर-चांपा पुष्पा कोरी दिवाकर, नेटबॉल एसोसिएशन ऑफ जांजगीर-चांपा के अध्यक्ष अनिल तिवारी, कोषाध्यक्ष संस्कार द्विवेदी एवं उपाध्यक्ष राजेश पांडे उपस्थित रहे।
वहीं नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ की ओर से सचिव राजेश राठौर, कोषाध्यक्ष योगेश कुमार साहू, एग्जीक्यूटिव मेंबर एस. मोहन राव एवं गोपाल साहू, अनूप यदु, स्वप्निल चुनेकर मौजूद, रहे। पूरी प्रतियोगिता नेटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा नियुक्त छत्तीसगढ़ के ऑब्जर्वर पवन पटले की देखरेख में संपन्न हुई।
विधायक व्यास कश्यप एवं बालेश्वर साहू की उपस्थिति में हुआ पुरस्कार वितरण
22 नवंबर को आयोजित पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह में क्षेत्रीय विधायक व्यास कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू ने की। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य लोकेश राठौर, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रमेश पैगवार, दिनेश शर्मा, नेटबॉल एसोसिएशन ऑफ जांजगीर-चांपा के अध्यक्ष अनिल तिवारी, उपाध्यक्ष राजेश पांडे, कोषाध्यक्ष संस्कार द्विवेदी एवं प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज पांडे उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
बॉक्स न्यूज
छत्तीसगढ़ की जूनियर टीम के चयन के लिए ट्रायल आयोजित
प्रतियोगिता के साथ ही नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ द्वारा आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए छत्तीसगढ़ की जूनियर टीम के चयन हेतु मिक्स नेटबॉल एवं फास्ट-5 नेटबॉल के चयन ट्रायल भी आयोजित किए गए। पूरी चयन प्रक्रिया नेटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के ऑब्जर्वर पवन पटले की देखरेख में संपन्न हुई।
छत्तीसगढ़ की मजबूत टीम तैयार करने के उद्देश्य से खिलाड़ियों का विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर के दौरान खिलाड़ियों की फिटनेस, शारीरिक क्षमता एवं खेल कौशल का परीक्षण कर अंतिम टीम का चयन किया जाएगा। पारंपरिक नेटबॉल के लिए 12 बालक एवं 12 बालिकाओं, मिक्स नेटबॉल के लिए 6 बालक एवं 6 बालिकाओं तथा फास्ट-5 नेटबॉल के लिए 10 बालक एवं 10 बालिकाओं की टीम तैयार की जाएगी।
नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ की अध्यक्ष मीना केरकेट्टा ने बताया कि प्रदेश में नेटबॉल खेल को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं अवसर उपलब्ध कराकर राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ की मजबूत टीम तैयार करना एसोसिएशन का लक्ष्य है।
नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के महासचिव राजेश राठौर ने बताया कि इस वर्ष जूनियर वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं महाराष्ट्र के गोंदिया में 2 जनवरी से 8 जनवरी तक आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में पारंपरिक नेटबॉल, मिक्स नेटबॉल एवं फास्ट-5 नेटबॉल शामिल हैं। इसके लिए छत्तीसगढ़ की टीम को विशेष प्रशिक्षण देकर तैयार किया जाएगा, ताकि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर पदक हासिल कर सकें।


