कोलकाता। बीसीसीआई द्वारा आयोजित सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी 2026-27 में छत्तीसगढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने पांचवें मुकाबले में गोवा को 4 विकेट से पराजित किया। 24 नवंबर को कोलकाता के जादवपुर यूनिवर्सिटी मैदान में खेले गए इस मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने 197 रनों के लक्ष्य को 19.5 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गोवा की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 196 रन बनाए। गोवा की ओर से अभिनव तेजराना ने 62 रन तथा ललित यादव ने 57 रनों की शानदार पारियां खेलीं। दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 102 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। इसके अलावा दिग्विजय गवकर ने नाबाद 23 रनों का योगदान दिया। छत्तीसगढ़ की ओर से विजय यादव ने 2 विकेट हासिल किए।

197 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम को अमनदीप खरे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए जीत की राह दिखाई। उन्होंने मात्र 62 गेंदों में 9 चौकों और 7 छक्कों की मदद से नाबाद 116 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। उन्होंने आयुष पांडे (18 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 86 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। वहीं देव आदित्य सिंह ने मात्र 7 गेंदों में नाबाद 24 रन बनाकर छत्तीसगढ़ की जीत सुनिश्चित की।
अमनदीप खरे ने इस मुकाबले में शानदार शतक लगाकर एक विशेष उपलब्धि भी अपने नाम की। वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ की ओर से शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने। इसके साथ ही वह क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में छत्तीसगढ़ की ओर से शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उनके नाम चार दिवसीय क्रिकेट में 17, एक दिवसीय क्रिकेट में 5 और टी-20 क्रिकेट में 1 शतक सहित कुल 23 शतक दर्ज हैं।
गोवा की ओर से शुभम तारी ने 3 विकेट तथा वासुकी कौशिक ने 2 विकेट प्राप्त किए। शानदार शतकीय पारी के लिए अमनदीप खरे को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस तरह छत्तीसगढ़ ने रोमांचक मुकाबले में 4 विकेट से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।


