नई दिल्ली : दो बार के चैंपियन यानिक सिनर दाहिने घुटने की सर्जरी के कारण वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट ऑस्ट्रेलियाई ओपन में भाग नहीं लेंगे। इस टूर्नामेंट के आयोजकों ने बृहस्पतिवार को यह घोषणा की। टेनिस ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एंड्रयू अब्दो ने कहा, ‘हम यानिक की टीम के साथ नियमित संपर्क बनाए हुए हैं और उन्होंने पुष्टि की है कि हाल ही में हुई सर्जरी के बाद वह जनवरी में होने वाले टूर्नामेंट में नहीं खेल पाएंगे।’
उन्होंने कहा, ‘यानिक को मेलबर्न में खेलना बहुत पसंद है और वह 2028 में यहां वापसी करने के लिए उत्सुक हैं। हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने और उनके जल्द ही कोर्ट पर वापसी करने की कामना करते हैं।’ सिनर ने मंगलवार को बताया था कि उनके दाहिने घुटने की एक छोटी सी सर्जरी हुई है क्योंकि अन्य उपचारों से उसे आराम नहीं मिल रहा था। उन्होंने खेल में वापसी की कोई समयसीमा नहीं बताई थी। सिनर ने जुलाई में विंबलडन के रूप में अपना पांचवां ग्रैंड स्लैम एकल खिताब जीतने के बाद से कोई मैच नहीं खेला है। उन्होंने 2024 और 2025 में ऑस्ट्रेलियाई ओपन का खिताब जीता था।


