भोपाल। भोपाल डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित स्वर्गीय जी.एस. पठानिया स्मृति अंडर-18 क्रिकेट टूर्नामेंट के मुकाबले में मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट एकेडमी ने सेज को 10 विकेट के बड़े अंतर से पराजित किया।
टॉस जीतकर सेज ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया, परंतु मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट एकेडमी के गेंदबाजों के सामने पूरी टीम 17.4 ओवर में मात्र 28 रन पर सिमट गई। कोई भी बल्लेबाज दोहरे अंक तक नहीं पहुँच सका। समर्थ सेन और अंशु राजपूत ने सर्वाधिक 5-5 रन बनाए।
मयंक की ओर से स्पिनर वेद पाठक ने 5 विकेट लिए, श्रीस्ट पाटिल ने 2 विकेट तथा ऋषभ पांडेय ने 3 विकेट प्राप्त किए। जवाब में मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट एकेडमी ने बिना कोई विकेट गँवाए मात्र 3 ओवर में 31 रन बनाकर जीत दर्ज की। कनव मिश्रा ने नाबाद 24 रन तथा अक्षत सिंह ने नाबाद 5 रन बनाए।
उड़ान ने भोपाल लेपर्ड्स को 9 विकेट से पराजित किया
टॉस जीतकर भोपाल लेपर्ड्स ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया, किंतु उड़ान के गेंदबाजों के सामने पूरी टीम 28.3 ओवर में मात्र 78 रन पर सिमट गई। उड़ान के गेंदबाज अथर्व ने 7 विकेट चटकाए और विपक्षी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। लेपर्ड्स की ओर से ओंकारेश्वर ने सर्वाधिक 21 तथा नितांत ने 16 रन बनाए। 79 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए उड़ान ने 17.3 ओवर में एक विकेट खोकर 80 रन बनाए और जीत हासिल की। प्रखर एस. ने 48 गेंदों में नाबाद 44 रनों की संयमित पारी खेली। मुनीष जैन ने 21 रन का योगदान दिया।
रेलवे गार्वीत ने विश्वास सारंग क्रिकेट एकेडमी को 9 विकेट से हराया
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी विश्वास सारंग क्रिकेट एकेडमी की टीम 47.2 ओवर में 136 रन पर सिमट गई। कप्तान सज्जान सोलंकी ने सर्वाधिक 68 रन की जुझारू पारी खेली। रेलवे गार्वीत की ओर से अभिराज सिंह ने 4 विकेट, जबकि अनुज राय, जसमीत सिंह, साहिल सक्सेना, पार्थ परमार और प्रीत श्रीवास ने 1-1 विकेट लिया।
जवाब में रेलवे गार्वीत ने मात्र 30.2 ओवर में एक विकेट खोकर 137 रन बनाकर जीत दर्ज की। अभिराज सिंह ने 68 रन की शानदार पारी खेली, वहीं साहिल सक्सेना 58 रन बनाकर नाबाद रहे। विश्वास सारंग क्रिकेट एकेडमी की ओर से एकमात्र सफलता मोहम्मद आसिफ को मिली।


