भोपाल। टी.टी. नगर स्टेडियम में 15 अप्रैल से चल रहे समर कैम्प (ग्रीष्म कालीन खेल प्रशिक्षण शिविर) का आज समापन हुआ। दो माह तक चले इस समर कैम्प में उत्कृष्ट प्रतिभा प्रदर्शन करने वाले 161 चयनित खिलाड़ी बच्चों को पुरस्कार स्वरूप संचालक खेल और युवा कल्याण श्री उपेन्द्र जैन द्वारा एक वर्ष की निःशुल्क सदस्यता प्रदान की गई। इसके अलावा समर कैम्प में भागीदारी करने वाले सभी बच्चों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। समापन कार्यक्रम में वाटर स्पोट्र्स अकादमी के सेलिंग मुख्य प्रशिक्षक एवं तकनीकी सलाहकार अर्जुन अवार्डी श्री जी.एल. यादव और रोइंग के मुख्य प्रशिक्षक एवं तकनीकी सलाहकार श्री दलबीर सिंह, स्नूकर में विश्व के नम्बर 3 खिलाड़ी श्री कमल चावला, घुड़सवारी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक कैप्टन भागीरथ, उप संचालक (वित्त) श्री प्रदीप ओंकार तथा जिला खेल अधिकारी श्री ओ.पी. हारोड़ विशेष रूप से मौजूद थे।
समर कैम्प समापन कार्यक्रम में खिलाड़ी बच्चों को संबोधित करते हुए संचालक खेल और युवा कल्याण श्री उपेन्द्र जैन ने कहा कि खेलांे का जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है। इसमें अच्छा कैरियर प्राप्त किया जा सकता हैं। उन्होंने बच्चों से पूछा कि दो माह के समर कैम्प में मजा आया? क्या इसी तरह खेलना जारी रखोगे? बच्चों ने एक स्वर में कहा- हाँ। खेल संचालक ने बच्चों को शाबाशी देते हुए कहा कि स्टेडियम आपका है, यहां आएं, खूब खेलें और खेलों में कैरियर बनाए। उन्होंने बच्चों के अभिभावकों से कहा कि खेलो में कैरियर को ध्यान में रखते हुए अपने बच्चों को इसी सपने और परिश्रम के साथ आगे बढ़ाएं ताकि वह अपना नाम रोशन कर सकें। उन्होंने बच्चों को ताकीद की कि बच्चों, समर कैम्प समाप्त हुआ है लेकिन आपका खेलते रहना कभी बन्द मत करना। खेलों से मानसिक और शारीरिक विकास होता है। उन्हांेने समर कैम्प के सफल आयोजन में सहयोग के लिए समर कैम्प के प्रभारी अधिकारी श्री विकास खराड़कर एवं उनकी टीम को तथा सभी प्रशिक्षकों, बच्चों के अभिभावकों को धन्यवाद दिया।
एक साल की निःशुल्क सदस्यता के लिए चयनित खिलाड़ी बच्चों में 91 बालक और 70 बालिका शामिल हैं। इसके अंतर्गत एथलेटिक्स के 8, फुटबाल के 18, कबड्डी के 24, मल्लखम्ब के 8, बास्केटबाल के 24, जिमनास्टिक के 5, स्केटिंग के 9, फेसिंग के 6, कराते के 7, ताइक्वांडो के 9, जूडो के 5, बैडमिंटन के 8, बाॅक्सिंग के 12 और व्हाॅलीबाल के 18 खिलाड़ी बच्चे शामिल हैं। समर कैम्प में उत्कृष्ट प्रशिक्षण देने के लिए एथलेटिक्स के प्रशिक्षक श्री गोविन्द जाट एवं बास्केटबाॅल के प्रशिक्षक श्री सुधीर शर्मा को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन समर कैम्प के प्रभारी अधिकारी श्री विकास खराड़कर ने किया।
इन खेलों में दिया गया प्रशिक्षण
समर कैम्प के दौरान बच्चों को 21 खेलों में अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इनमें जूडो, ताईक्वांडो, बास्केटबाॅल, बैडमिंटन, कराते, टेनिस, फुटबाल, मल्लखम्ब, बाॅक्सिंग, चेस बाॅक्सिंग, स्केटिंग, एथलेटिक्स, कबड्डी, जिम्नास्टिक, व्हालीबाॅल, फेंसिंग, शूटिंग (पिस्टल, रायफल), वाटर स्पोट्र्स (सेलिंग, क्याकिंग केनोइंग, रोइंग), एरोबिक, घुड़सवारी तथा स्कवैश खेल शामिल है।

