चैंपियंस ट्रॉफी: बांग्लादेश को हराकर भारत फाइनल में पहुंचा

0

नई दिल्ली। मौजूदा विजेता भारत ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल में गुरुवार को एकतरफा मुकाबले में बांग्लादेश को नौ विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है, जहां उसकी भिड़ंत रविवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगी। भारतीय टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी और बांग्लादेश को 50 ओवर खेलने के बाद सात विकेट पर 264 रनों पर सीमित कर दिया। इस लक्ष्य को भारत ने शिखर धवन (46), मैन ऑफ द मैच रोहित शर्मा (नाबाद 123) और विराट कोहली (नाबाद 96) की बेहतरीन पारियों की मदद से 40.1 ओवरों में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया।
भारतीय खेल प्रेमियों के लिए रविवार को दिन रोमांचकारी होने वाला है। एक तरफ जहां चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होगा, वहीं इंग्लैंड में ही हॉकी के मैदान में भी इसी दिन यह दोनों चिर प्रतिद्वंद्वी आमने-सामने होंगे। भारत हॉकी वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल्स में रविवार को पाकिस्तान से भिड़ेगा।
बांग्लादेश के खिलाफ भारत को लक्ष्य हासिल करने में कोई दिक्कत नहीं आई। रोहित और धवन की ‘चैम्पियंस ट्रॉफी विशेषज्ञ जोड़ी’ ने उसे मनमाफिक शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 14.4 ओवरों में 87 रन जोड़े। यह जोड़ी चैम्पियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन जोड़ने वाली जोड़ी बन गई है। इस जोड़ी ने नौ पारियों में अभी तक 85.11 की औसत से 766 रन बनाए हैं।
रोहित ने अपनी शतकीय पारी में 129 गेंदें खेली और 15 चौके तथा एक छक्का लगाया। कप्तान कोहली ने 78 गेंदों की तेजतरार्र पारी खेली और 13 चौके जड़े। इससे पहले भारत की तरफ से जाधव ने छह ओवरों में 22 रन देकर दो अहम विकेट लिए। डेथ ओवरों के विशेषज्ञ बुमराह और भुवनेश्वर ने दो-दो विकेट लिए। इन दोनों की कसी हुई गेंदबाजी के कारण बांग्लादेश की टीम आखिरी के पांच ओवरों में महज 35 रन ही जोड़ पाई। जडेजा को एक सफलता मिली। रविचन्द्रन अश्विन और हाार्दिक पांड्या विकेट नहीं ले पाए।
दूसरी ओर पाकिस्तान का सफर भारत के हाथों हारकर शुरू हुआ था। लेकिन उसके बाद पाकिस्तान ने गजब की रफ्तार पकड़ी और सभी चौंका दिया। उसने अपने दूसरे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 19 रन से मात दी। उसके बाद श्रीलंका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करके अपना स्थान सेमीफाइनल में पक्का किया था। सेमीफाइनल में उसने इंग्लैंड के सपने को चकनाचूर करके खिताबी मुकाबले में स्थान बनाया।
भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक 128 मुकाबले खेले जा चुके है जिनमें भारत ने सिर्फ 52 मुकाबले जीते है। जबकि उसे 72 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। 4 मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला।

भारतीय कप्तान विराट कोहली ने बांग्लादेश के खिलाफ नौ विकेट से बड़ी विजय को संपूर्ण जीत करार देते हुए कहा कि उनकी टीम चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से 18 जून को होने वाले फाइनल को सामान्य मैच की तरह ही ले रही है। भारत ने आज यहां दूसरे सेमीफाइनल में बांग्लादेश के 265 रन के लक्ष्य को रोहित शर्मा और कोहली की शानदार पारियों से लगभग दस ओवर शेष रहते हुए एक विकेट गंवाकर हासिल कर दिया। फाइनल में उसे पाकिस्तान से भिड़ना है जिसे उसने लीग मैच में 124 रन से हराया था। इस मैच को लेकर अभी से हाइप बन गयी है लेकिन कोहली ने साफ किया कि टीम पर इसका कोई दबाव नहीं है। भारतीय कप्तान ने मैच के बाद कहा, हम इसे किसी अन्य मैच की तरह ही ले रहे हैं। मैं जानता हूं कि इसे उबाऊ बयान माना जाएगा लेकिन हमारी यही सोच है। भारतीय मध्यक्रम को दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के खिलाफ मैच में बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला, लेकिन कोहली के लिये यह चिंता का विषय नहीं है। उन्होंने कहा, मध्यक्रम को बहुत अधिक बल्लेबाजी का मौका नहीं मिलने से कभी चिंतित नहीं रहा। प्रत्येक बल्लेबाज अभ्यास के दौरान अच्छी तरह से गेंद को हिट कर रहा है।

बांग्लादेश पर जीत के बारे में उन्होंने कहा, यह संपूर्ण खेल का शानदार उदाहरण है। हमें इस तरह के मैच की जरूरत थी। हमने नौ विकेट से जीत की उम्मीद नहीं की थी लेकिन इससे हमारे शीर्ष क्रम की मजबूती का पता चलता है।
बांग्लादेश एक समय 300 रन बनाने की स्थिति में दिख रहा था लेकिन ऐसे समय में कामचलाउ स्पिनर केदार जाधव ने दो महत्वपूर्ण विकेट लेकर भारत को वापसी दिलायी।
कोहली ने कहा, वह (जाधव) सरप्राइज पैकेज नहीं है। वह काफी चालाक क्रिकेटर है। वह जानता है कि गेंद को कहां पिच कराना है और पिच से किस तरह की मदद मिल रही है। उनका स्कोर 300 रन तक पहुंच सकता था।
कोहली ने आज नाबाद 96 रन बनाये। शुरू में संभलकर खेलने वाले भारतीय कप्तान ने अपनी बल्लेबाजी के बारे में उन्होंने कहा, मैं क्रीज पर अच्छी तरह से पांव जमाना चाहता था और इसलिये मैंने 10-15 गेंदें संभलकर खेली। पिछली बार हमने एक विकेट गंवा दिया था और इसलिये मैं परिस्थितियों से सामंजस्य बिठा रहा था। मुझे इस तरह की चुनौतियां पसंद है। जब आप शार्ट पिच गेंदों पर शाट लगाते हो तो आप जानते हो कि आप अच्छा खेल रहे हो।
क्या बोले बांग्लादेश के कप्तान मशरफे मुर्तजा

बांग्लादेश के कप्तान मशरफे मुर्तजा ने कहा कि उनकी टीम ने लगभग 50 रन कम बनाये। मुर्तजा ने कहा, हम 300 यहां तक कि 320 रन बना सकते थे लेकिन हमारे बल्लेबाजों के आउट होने से हमें झटका लगा। अगली बार हम दमदार वापसी करेंगे। हमें सीख लेने की जरूरत है। कौशल की दष्टि से हम अच्छे हैं लेकिन मानसिक रूप से हमें मजबूत बनने की जरूरत है।

रोहित को उनकी नाबाद 123 रन की पारी के लिये मैन आफ द मैच चुना गया। उन्होंने इसे शानदार पारी बताया।
रोहित ने कहा, यह बेहतरीन पारी है विशेषकर तब जबकि इससे जीत दर्ज करने में मदद मिली। पिछले दो मैचों में भी मैंने बड़ी पारियां खेलने की कोशिश की थी। आज इसके लिये प्रतिबदध था। विकेट भी अच्छा था। मैं खुद से यही कह रहा था कि जितना संभव हो बल्लेबाजी करते रहो। कोहली को देखकर लग रहा था कि जैसे वह कल से बल्लेबाजी कर रहा है। एक कप्तान के रूप में वह लाजवाब है।