भोपाल। द संस्कार वैली स्कूल के पांच छात्रों का चयन भोपाल संभाग के बैडमिंटन दल में हुआ है। चयनित खिलाड़ियों में अनिशा वासे, स्वाति श्रीवास्तव, आदित्य जैन, आर्य कृषक और ओजस वैष्णेय के नाम हैं। यह दल बुरहानपुर में 9 से 13 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली राज्य शालेय बैडमिंटन प्रतियोगिता में हिस्सा लेगा। इस दल में खिलाड़ियों का चयन संभागीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में उम्दा प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। बता दें कि बीते दिनों तात्या टोपे स्टेडियम में खेली गई संभागीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में द संस्कार वैली के अनिशा वासे, स्वाति श्रीवास्तव, आदित्य जैन, प्रियंवदा, आर्य कृषक, ओजस वैष्णेय और राहिल संजीव ने स्वर्ण पदक जीते थे। चयन पर स्कूल की एक्टीविटी डीन प्रतिभा ललवानी, बैडमिंटन कोच ऋतिका और अमित सिंह पवार ने प्रसन्नता व्यक्त की है।

