भोपाल। अखिल भारतीय सिविल सर्विसेस बास्केटबॉल प्रतियोगिता में आरएसबी चैन्नई की टीम ने सेन्ट्रल सेक्रेट्रीएट दिल्ली को 93-91 अंकों से हराकर विजेता का खिताब अर्जित किया। तीसरे स्थान के लिए खेले गए हार्ड लाईन मैच में अहमदाबाद ने हैदराबाद को 101-64 के अंतर से पराजित कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। टी.टी. नगर स्टेडियम में 12 नवम्बर से शुरू हुई अखिल भारतीय सिविल सर्विसेस बाॅस्केटबाॅल प्रतियोगिता का आज समापन हुआ। समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संचालक खेल और युवा कल्याण श्री उपेन्द्र जैन द्वारा विजेता, उप विजेता टीमों और खिलाड़ियों को ट्राॅफी एवं मैडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। ख्ेाल संचालक श्री उपेन्द्र जैन ने सभी खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर भारतीय बास्केटबाॅल महासंघ के सचिव श्री चन्दरमुखी शर्मा, संयुक्त संचालक खेल डाँ. विनोद प्रधान भी मौजूद थे।
प्रतियोगिता के अंतर्गत आज शाम को सेन्ट्रल सेक्रेट्रीएट और आरएसबी चैन्नई के मध्य फायनल मुकाबला खेला गया। दोनों टीमों के बीच हुए इस कश्मकश मुकाबले में काटें की टक्कर रही और हाॅफ टाईम तक सेन्ट्रल सेक्रेट्रीएट की टीम ने 63-61 अंकों के साथ बढ़त बनाए रखी लेकिन हाॅफ टाईम के बाद आरएसबी चैन्नई के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 93-91 के अंतर से फायनल मुकाबला जीतकर विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया। दोनों टीमों में पाँच अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल थे। चार दिन तक चली इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के करीब 335 खिलाड़ियों और आॅफिसियल्स ने प्रतिभागिता की जिसमे दस अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल थे। प्रतियोगिता में अंतर्राष्ट्रीय बास्केटबाॅल संघ के नियमानुसार लीग कम नाॅक आउट के आधार पर कुल 36 मुकाबले खेले गए। खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा इस प्रतियोगिता का दूसरी बार आयोजन किया गया। विभाग द्वारा पूर्व वर्षों में अखिल भारतीय सिविल सर्विसेस व्हाॅलीबाॅल, शतरंज, लाॅन टेनिस, टेबल टेनिस, ब्रिज, बैडमिंटन तथा एथलेटिक्स प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया जा चुका है।

