साई टेंट व परमेश्वर फैंस क्लब जीते

0

भोपाल। साई टेंट ने शुक्ला इलेवन को तथा परमेश्वर फैंस क्लब ने चौरसिया इलेवन को पराजित कर आज से प्रारंभ हुई विधायक कप टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के पहले दौर का मैच जीत कर अगले दौर में प्रवेश किया। भेल, एफ सेक्टर खेल मैदान पर प्रारंभ हुई प्रतियोगिता का शुभारंभ एमआईसी सदस्य व बीसीएलएल के डायरेक्टर केवल मिश्रा ने किया। दर्शको की भारी उपस्थिति के बीच आज खेले गए प्रतियोगिता के उद्घाटक मुकाबले में साई टेंट ने सिक्का जीतकर पहले खेलते हुए निर्धारित ओवरों में 8 विकेट पर 104 रन बनाए। जिसमें उबेद 27, बादशाह 15 व जितेश 14 का मुख्य योगदान रहा। शुक्ला इलेवन की ओर से लकी ने 4 विकेट लिये। लक्ष्य का पीछा करने उतरी शुक्ला इलेवन की शुरूआत खराब रही। उनके दोनों उद्घाटक बल्लेबाज 7 की रनसंख्या पर आउट हो गए। लेकिन शानू 50 व लकी 25 ने आकर्षक बल्लेबाजी कर टीम को जीत की राह पर पहुॅचा दिया था। दोनों के आउट होते ही टीम 7 विकेट पर 85 रन ही बना सकी। साई की ओर से साद ने 3 विकेट चटकाए। साई ने 19 रन से यह मुकाबला जीत लिया।

दूसरे मैच में परमेश्वर फैंस क्लब ने पहले बैटिंग करते हुए 8 विकेट खोकर 125 रनों का विशाल स्कोर खडा किया। चिंटू ने 39, नीरज ने 23 व मोनू ने 21 रनों की आक्रामक पारियॉ खेली। चौरसिया इलेवन की ओर से आशीष ने 3, अमर व शुभम ने 2-2 विकेट अर्जित किये। जवारी पारी में नीरज (5 विकेट) की घातक गेंदबाजी के सम्मुख चौरसिया इलेवन टीम 50 रनों पर ढेर हो गई। पराजित टीम को कोई भी बल्लेबाज दोहरी रनसंख्या में नहीं पहुॅच सका। परमेश्वर फैंस क्लब ने धमाकेदार 75 रनों की विशाल जीत दर्ज कर दूसरे दौर में प्रवेश किया।