रतलाम कार्पोरेशन व एलएनआईपीई ग्वालियर बने स्टेट चैम्पियन

0

भोपाल। रतलाम कार्पोरेशन ने ईएमई सेंटर, बैरागढ को 80-55 से तथा गत विजेता एलएनआईपीई, ग्वालियर ने इंदौर कार्पोरेशन को 68-44 अंको से पराजित कर यहॉ खेली गई 68वी सीनियर स्टेट बास्केटबाल चैम्पियनशिप के अंतर्गत क्रमशः पुरूष व महिला वर्ग का खिताब जीत लिया। पुरूष वर्ग में अंतरराष्ट्रीय खिलाडी प्रकाश मिश्रा (रतलाम कार्पो.) व महिला वर्ग में नीमा डोमा भूटिया (एलएनआईपीई) को स्पर्धा का सर्वश्रेष्ठ खिलाडी घोषित किया गया। रतलाम कार्पोरेशन के हर्षवर्द्धन तोमर को उभरते खिलाडी का पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रतियोगिता आगा क्लब, भेल ए सेक्टर पिपलानी व भेल स्पोटसर्् क्लब बरखेडा के कोर्टो पर खेली गई। पुरस्कार वितरण मप्र बास्केटबाल संघ के अध्यक्ष व भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने मप्र बास्केटबाल संघ की चेयरपर्सन श्रीमती बीजेएम शर्मा व मप्र बास्केटबाल संघ के महासचिव कुलविन्दर सिंह गिल की उपस्थिति में किया। इस अवसर पर आगा क्लब भेल के अध्यक्ष कुलदीप माथुर, उपाध्यक्ष एसएए नकवी, जेएस पुरी, जोस चाको, पार्षद गिरीश शर्मा, राकेश भदौरिया व सौरभ नूवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। अतिथियों का स्वागत आयोजन सचिव मनोज गायकवाड, एमडी गोडबोले, मनोज बुद्धिराज, जीके श्रीनिवास, सतीश विश्वकर्मा, योगेश सक्सैना, विनोद शर्मा, अभय सक्सेना, वेद प्रकाश शर्मा, विनय सविता, उपेन्द्र प्रसाद व सुन्दरलाल इत्यादि ने किया। कार्यक्रम का संचालन अंतरराष्ट्रीय कमेंटेटर दामोदर प्रसाद आर्य ने किया।
फायनल मुकाबले में तेज शुरूआत करते हुए रतलाम कार्पोरेशन ने पहले क्वार्टर में 19-11 अंकों की बढत बनाकर ईएमई के जवानों को दबाव में ला दिया। दूसरे क्वार्टर में भी रतलाम ने अपने शानदार अर्ली अटैक, ड्राईव इन शॉट व अचूक शूटिंग से स्कोर कर अपनी बढत को 38-20 अंकों तक पहुॅचा दिया। मध्यांतर के पश्चात ईएमई के कोच असदउल्ला ने लॉग शूटिंग से बढत कम करने की रणनीति अपनाई, लेकिन ईएमई के खिलाडी असफल रहे। ईएमई के खिलाडी अपना सेमीफायनल वाला प्रदर्शन फायनल मंे नहीं दोहरा सके। तीसरे क्वार्टर की समाप्ति तक रतलाम ने 55-32 की निर्णायक बढत बना ली थी। अंतिम क्वार्टर में ईएमई के कोच ने फुल कोर्ट प्रेशर डिफेंस की रणनीति अपनाई, किन्तु रतलाम के तेजतर्रार खिलाडियों को वे रोक नही सके। अंतरराष्ट्रीय खिलाडी प्रकाश मिश्रा ने अपने प्रभावशाली दर्शनीय खेल की बदौलत दर्शकों को पूरे मैच में हर शॉट पर ताली बजाने पर मजबूर किया। प्रकाश ने सर्वाधिक 31, हर्षवर्द्धन तोमर ने 25 व जूनियर इंडिया टीम के पूर्व कप्तान अमित कनर्जी ने 20 अंक का योगदान टीम को दिया। जबकि अंकित परिहार व द्वारकेश ने टीम के लिए अच्छा डिफेंस किया। ईएमई से प्रमोद ने 14 अंक बनाए।
महिला वर्ग के फायनल में गत विजेता एलएनआईपीई ग्वालियर की सैट टीम को इंदौर कार्पाेरेशन को पराजित करने में ज्यादा संघर्ष नहीं करना पडा। मध्यांतर तक विजेता टीम ने 31-19 अंक की अग्रता बना ली थी। चौथे क्वार्टर में एलएनआईपीई टीम ने सुन्दर तालमेल के साथ खेलते हुए अच्छे डिफेंस, अंडर बास्केट शॉट व अच्छी शूटिंग की बदौलत 23 अंक जुटाए तथा मुकाबला 68-44 अंकों से अपने नाम किया। एलएनआईपीई की ओर से स्टॉर खिलाडी नीमा डोमा भूटिया ने 18, अंजली ने 16 व नम्रता ने 13 अंक अर्जित किये। इंदौर से ईशा ने 22 पाईंट बनाए।