सीनियर नेशनल में एक भी मैच नहीं जीत सकी मप्र पुरुष हॉकी अकादमी

0

भोपाल। दो अंतरराष्ट्रीय कोच सहित आधा दर्जन स्टाॅफ से लैस मध्यप्रदेश पुरुष हॉकी अकादमी 8वीं हॉकी इंडिया सीनियर नेशनल मैन्स चैंपियनशिप में अपने सभी लीग मुकाबले हारकर पहले ही दौर से बाहर हो गई है। उसे आखिरी लीग मैच में हॉकी भोपाल ने 5-2 के अंतर से पराजित कर दिया। इस टूर्नामेंट में उसकी चौथी हार है। स्पर्धा में इस टीम ने कुल पांच गोल किए हैं, जबकि 16 गोल खाए हैं। लखनऊ में सोमवार को मैच के नौवें मिनट में अदनान शेख ने गोल कर हॉकी भोपाल को शुरुआती बढ़त दिलाई। उसके बाद मप्र अकादमी के मनीष गुरुंग ने 18वें मिनट में गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर लिया। फिर मैच के 20वें मिनट में नदीमउद्दीन और 28वें मिनट में आमिर-उर-रहमान ने गोल करते हुए हॉकी भोपाल को बढ़त दिला दी। मध्यांतर के बाद ओसाफ उर रहमान ने 48वें और 53वें मिनट में हॉकी भोपाल के लिए गोल दागे। इसी बीच मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी के खिलाड़ी विकास चौधरी (51वें) की स्टिक से एक गोल आया। इस मैच में हॉकी भोपाल के गोलकीपर अनम अली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ पैनाल्टी कॉर्नर रोके।