नई दिल्ली। केपटाउन टेस्ट में बॉल टैंपरिंग का दोषी पाए जाने पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने डेविड वॉर्नर पर एक साल का बैन लगाया। इसके साथ ही बीसीसीआई ने भी उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग सीजन-11 से बाहर कर दिया। वॉर्नर सनराइजर्स हैदाराबाद के कप्तान थे। उनके स्थान पर केन विलियमसन को ये जिम्मेदारी सौंपी गई। सलामी बल्लेबाज वॉर्नर को बाहर किए जाने के बाद खुद फ्रेंचाइजी ने कुसल परेरा से संपर्क साधा लेकिन परेरा ने इस सीजन खेलने से साफ मना कर दिया है। परेरा का कहना है कि वह अप्रैल-मई में घरेलू क्रिकेट खेलेंगे, जिसके चलते उनका आईपीएल में खेलना मुमकिन नहीं हो सकता।
श्रीलंका के विकेटकीपर-बल्लेबाज कुसल परेरा ने मार्च में संपन्न हुई निदास ट्रॉफी के दौरान 4 मैचों में 3 फिफ्टी लगाई थी। ये खिलाड़ी पहले भी राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल चुका है। परेरा ने 86 टी20 मैचों में 16 अर्धशतकों की मदद से 131.54 की स्ट्राइक के साथ कुल 1883 रन बनाए हैं। सनराइजर्स हैदराबाद ने इस सीजन मोहम्मद नबी, केन विलियमसन, रिद्धिमान साहा, शिखर धवन, मनीष पांडे, श्रीवत्स गोस्वामी, यूसुफ पठान, सिद्धार्थ कौल, सचिन बेबी, बिपुल शर्मा, संदीप शर्मा, कार्लोस ब्रैथवेट, मेहदी हसन, बिली स्टैनलेक, शाकिब अल हसन, रिकी भुई, बेसिल थंपी, तन्मय अग्रवाल, राशिद खान, टी नटराजन, सैय्यद खलील अहमद, भुवनेश्वर कुमार, दीपक हुडा और सिद्धार्थ कौल को अपने साथ जोड़ा है।

