IPL 2018 : हैदराबाद ने मुंबई को 31 रनों से हराया

0

मुंबई। हैदराबाद ने लो स्कोरिंग मैच में मुंबई को 31 रनों से हरा दिया है। 119 रनों का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत खराब रही और एविन लुइस और ईशान किशन जल्द ही आउट हो गए। इसके बाद रोहित शर्मा भी 2 रन बनाकर आउट हो गए। तीन विकेट जल्दी गिरने के बाद कृणाल पंड्या ने सूर्य कुमार यादव के साथ टीम को संभालने का काम किया। राशिद खान ने 24 रन पर कृणाल पंड्या को आउट कर हैदराबाद को मैच में वापस ला दिया। इसके बाद मुंबई लगातार विकेट खोती गई और पूरी टीम 87 रनों पर ऑल आउट हो गई। इससे पहले मुंबइं इंडियंस के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैदराबाद के बल्लेबाजों को 118 रनों पर ऑल आउट कर दिया था। हैदराबाद ने इस साल आईपीएल का सबसे लो स्कोर बनाया था। मुंबई के गेंदबाजों ने हैदराबाद के बल्लेबाजों को हाथ खोलने का मौका नहीं दिया। मिशेल मेक्लेघन हार्दिक पांड्या और मयंक मारकंडे ने टीम के लिए दो-दो विकेट लिए। वहीं हैदराबाद के लिए सबसे अधिक 29 रन युसूफ पठान ने बनाए। पठान के अलावा कप्तान केन विलियमसन ने 21 गेंदों में 29 रन बनाने में कामयाब रहे।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। दूसरे ही ओवर में टीम ने अपने दो प्रमुख बल्लेबाजों को खो दिया। शिखर धवन और साहा के एक ही ओवर में आउट होने के बाद मनीष पांडे भी आउट हो गए। मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था।
‘सिर्फ खुद को जिम्मेदार ठहरा सकते हैं’
रोहित ने मैच के बाद कहा, ‘हम सिर्फ खुद को जिम्मेदार ठहरा सकते हैं। कोई भी विकेट होता, हमें 118 रन बनाने चाहिए थे। हमने कैरेक्टर नहीं दिखाया और सनराइजर्स हैदराबाद ने वो किया। हमने जिस तरह से गेंदबाजी की मैं उससे बहुत खुश हूं लेकिन बल्लेबाजों ने हमें फिर से निराश किया। हमें पता था कि ये मुश्किल लक्ष्य था, शॉट खेलना आसान नहीं था लेकिन हमने शुरू से अच्छी बल्लेबाजी नहीं की और उन्होंने सही एरिया में गेंदबाजी की।’ रोहित ने खुद को भी हार का जिम्मेदार ठहराते हुए कहा, ‘हम में से कुछ ने बहुत खराब शॉट खेला और जिसपर आउट हुए, उनमें से मैं खुद भी एक था।’