केडीपीएस को हरा द संस्कार वैली ने जीता फुटबाॅल खिताब

0

भोपाल। द संस्कार वैली स्कूल ने दूसरा केडीपीएस फुटबाॅल कप अंडर-14 इंटर स्कूल फुटबाॅल टूर्नामेंट जीत लिया है। उसने फाइनल मुकाबले में आर्मी पब्लिक स्कूल को टाई ब्रेकर में 4-3 से हराया। केडीपीएस मैदान पर गुरूवार को खेला गया फाइनल मुकाबला निर्धारित समय पर 2-2 से ड्रा रहा। ऐसे में विजेता टीम के फैसले के लिए टाई ब्रेकर का सहारा लिया गया। इसमें द संस्कार वैली के रिथिक ने मैच के 11वें और 17वें मिनट में एक-एक गोल किए। जबकि आर्मी पब्लिक स्कूल के प्रतीक जैन ने 19वें और ऋषभ ने 24वें मिनट में गोल दागे। ट्राईब्रेकर में द संस्कार वैली से रिथिक, प्रतीक, विक्रम ओर आर्यन ने एक-एक गोल किए। जबकि आर्मी की ओर से अभिषेक, प्रतीक जैन और ऋषभ ने एक-एक बार गेंद को जाली में उलझाया। फाइनल मैच के बाद जिला खेल अधिकारी जोस चाको, मध्यप्रदेश फुटबॉल संघ के सहसचिव राकेश शर्मा, स्कूल के प्राचार्य चेतन्य सक्सेना और आयोजन सचिव सागर रायकवार ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया।
इन्हें मिले पुरस्कार
बेस्ट स्ट्राइकर- रिथिक संस्कार वैली स्कूल।
बेस्ट डिफेंडर- विक्रम सिंह संस्कार वैली स्कूल।
बेस्ट गोलकीपर -अभिषेक आर्मी पब्लिक स्कूल।
मैन ऑफ द टूर्नामेंट- रज़ी ईस्टर्न पब्लिक स्कूल। मैन ऑफ द फाइनल- प्रतीक जैन आर्मी पब्लिक स्कूल।