अरेरा प्रीमियर क्रिकेट लीग अंडर-16 शुरू

0

भोपाल। जयहिंद हाउस ने अरेरा प्रीमियर लीग अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले लीग मुकाबले में नमो हाउस को छह विकेट से पराजित कर दिया। अंकुर मैदान पर गुरुवार को नमो ने बल्लेबाजी करते हुए 45 ओवर में 10/283 रन बनाए। इसमें राजेश चौहान ने 43, फैजान खान ने 38, अदम्य पचौरी ने 34 और सिद्धराज राठौर ने 28 रनों की पारियां खेलीं। आयुष इंगले ने छह बल्लेबाजों को वापस भेजा। अमित सिंह ने तीन विकेट लिए। जवाबी पारी में जयहिंद ने 41.4 ओवर में चार विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। अभिषेक दांगी ने अविजित 94 रनों की पारी खेली। मानव राठौर ने 79 और ध्रुव माणिकचंद ने 34 रन बनाए। पुष्पेंद्र राजपूत, राजेश चौहान, शालीन माहेश्वरी और हर्ष यादव ने एक-एक विकेट लिए। आयुष इंगले और अभिषेक दांगी को संयुक्त मैन ऑफ द मैच चुना गया। इससे पहले स्पोर्ट्स प्रमोटर ग्रुप के चेयरमैन अरुणेश्वर सिंह देव, जिला खेल अधिकारी जोस चाको और अकादमी के पदाधिकारियों हेमंत कपूर एवं सुरेश चेनानी ने लीग का शुभारंभ किया।