2019 विश्व कप : अंबाती रायुडू का टीम में स्थान लगभग तय

0

गुवाहाटी। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने 2019 में इंग्लैंड में होने वाले वनडे विश्व कप के लिए अंबाती रायुडू को एक खुशखबरी दी है। उन्होंने रविवार से वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू हो रहे पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला से पहले कहा कि अगर अंबाती रायुडू बल्लेबाजी क्रम में चौथे स्थान पर अच्छा खेल कर टीम में अपनी जगह पक्की कर लेते हैं तो, अगले साल होने वाले विश्व कप से पहले मध्यक्रम की समस्या हल हो जाएगी।

भारतीय कप्तान ने कहा कि टीम में चौथे स्थान के लिए किसी बल्लेबाज को ढूंढना चुनौती की तरह है और रायुडू ने हाल के दिनों में अच्छा प्रदर्शन किया है जिससे बल्लेबाजी क्रम लगभग स्थिर है। कोहली ने कहा, ‘हम लंबे समय से चौथे क्रम के बल्लेबाज की खोज कर रहे हैं। हमने इस क्रम पर कई खिलाड़ियों को अाजमाया लेकिन कोई ऐसा प्रदर्शन नहीं कर पाया जैसा हम चाहते थे।

 

रायुडू ने टीम के मध्यक्रम को दी है मजबूती

भारतीय कप्तान ने कहा, ‘रायुडू ने एशिया कप में अच्छी बल्लेबाजी की, विश्व कप से पहले उन्हें और अधिक मौके दिए जाने की जरूरत है ताकि चौथे क्रम की समस्या खत्म हो सके।’ रायुडू ने आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग के लिए 43 की औसत से 602 रन बनाए जिस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 149.75 का था। इसके बाद इंग्लैंड दौरे के लिए एकदिवसीय टीम में उनका चयन हुआ था लेकिन यो-यो टेस्ट में फेल होने के बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया।

 

 

 

एशिया कप में भारत को विजेता बनाने में रायुडू ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई

पिछले महीने यूएई में हुए एशिया कप में भारत को विजेता बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई।विराट कोहली की गैरमौजूदगी में उन्होंने तीसरे स्थान पर बल्लेबाजी करते हुए 43.75 की औसत से 175 रन बनाए थे। कोहली ने कहा, ‘मैंने भी उन्हें खेलता देखा और टीम को लगा वह मध्यक्रम में खेलने के लिए बने है। हमें लगा की हमारा मध्यक्रम अब लगभग स्थिर है।’ विश्व कप से पहले भारतीय टीम को 18 एकदिवसीय मैच खेलने हैं, जिसकी शुरूआत विंडीज के खिलाफ रविवार को शुरू होने वाले पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला से शुरू होगी।