रियान कप तृतीय एनके राई स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट
भोपाल। मोहित झावा के धमाकेदार शतक नाबाद 112 रनों की मदद से एनसीसीसी ने सेंट माइकल अकादमी को 52 रनों से पराजित कर रियान कप तृतीय एनके राई स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं सेंट माइकल हार के बाद भी अंतिम चार में जगह बनाने में सफल रहा है। इधर कार्पोरेट वर्ग में रियान वाटर ने सेकंड इंनिग को 91 रनों से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
स्थानीय ओल्ड कैंपियन मैदान पर खेले गए मुकाबले में एनसीसीसी ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 186 रन बनाए। इसमें मोहित झावा ने नाबाद 112, अभिजीत सक्सेना ने 30, नवीन सिंह ने 18 व सृजन खरे ने 15 रनों की पारी खेली। सेंट माइकल के सोनू बाथम, जीशान व अरबाज ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में सेंट माइकल की टीम निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 134 रन बना सकी। इसमें अरबाज कुरैशी ने 37, अब्दुल अकील ने 26 व प्रणव राय ने 22 रनों का योगदान दिया। एनसीसीसी के विनोद पाल ने घातक गेंदबाजी कर छह विकेट चटकाए। प्रयाग व नवीन ने एक-एक विकेट लिए।
इससे पहले कार्पोरेट वर्ग के मुकाबले में रियान वाटर ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 204 रन बनाए। इसमें अभिषेक गिरी ने 54, समीर यादव ने 45, दीपक ने 43 व अजितेश जैन (बिट्ट) ने 35 रनों की पारी खेली। जवाब में सेकंड इंनिग की टीम निर्धारित ओवर में नौ विकेट पर 113 रन ही बा सकी। वरूण अवस्थी ने 20, प्रभात त्यागी ने 26 व पुनीत ने 15 रनों का योगदान दिया। रियान वाटर के शेखर दीक्षित ने तीन, रौनक, मजहर व विकास ने दो-दो विकेट चटकाए। निरंकारी इलेक्ट्रॉनिक्स के डायरेक्टर दीपक खम्बरा मैन ऑफ द मैच देते हुए।


