DCvsKKR: रोमांचक मुकाबले में दिल्ली की शानदार जीत, आईपीएल इतिहास में फेंका गया 8वां सुपर ओवर

0

नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा के कमाल के सुपर ओवर से दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को आईपीएल-12 (IPL 2019) के सांसों को रोक देने वाले बेहद रोमांचक मुकाबले में शनिवार को हरा दिया। सुपर ओवर में कगिसो रबाडा की गेंदबाजी मैच का टर्निंग प्वाइंट साबित हुई।


दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान पर कोलकाता और दिल्ली के बीच काफी रोमांचक मैच हुआ। दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीत कर पहले फील्डिंग का फैसला किया। केकेआर का स्कोर एक समय 5 विकेट पर 61 रन था, लेकिन दिनेश कार्तिक और आंद्रे रसेल के बीच 91 रनों की भागीदारी से टीम ने 8 विकेट पर 185 रन बनाए।पृथ्वी शॉ के शानदार 99 रनों के बावजूद दोनों के बीच मैच टाई हो गया। इसके बाद आईपीएल इतिहास का आठवां सुपर ओवर फेंका गया और दिल्ली ने 3 रन से मैच जीत लिया।


सुपरओवर का इतिहास:
– सबसे पहले 2009 में राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच केपटाउन में हुआ था। राजस्थान ने एक ओवर में 18 रन बनाए और केकेआर केवल 15 रन बना सका।

– 2010 में चेन्नई सुपर किंग्स और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच दूसरा सुपर ओवर फेंका गया। पंजाब सुपर ओवर में जीत गया।

– 2013 में एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और दिल्ली डेयरडेविल्स के बीच मैच टाई हुआ और सुपर ओवर में आरसीबी जीत गया।

– 2013 के आईपीएल में ही एक बार और सुपर ओवर डाला गया था। यह सुपर ओवर सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स के मैच के बीच हुआ था। राजीवा गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच के सुपर ओवर में सनराइजर्स हैदराबाद को जीत मिली थी।

– 2014 में शेख जायद स्टेडियम, आबू धाबी में पांचवां सुपर ओवर कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच फेंका गया। इसमें राजस्थान रॉयल्स को जीत मिली।

– 2015 में एक बार फिर राजस्थान रॉयल सुपर ओवर में शामिल हुआ। इस बार दूसरी टीम थी- किंग्स इलेवन पंजाब। अहमदाबाद के सरदार पटेल स्टेडियम में दोनों टीमों ने 191 रन बनाए। पंजाब सुपर ओवर में जीत गया।

– 27 अप्रैल 2017 को गुजरात लॉयन्स और मुंबई इंडियंस के बीच एससीए स्टेडियम, राजकोट में मैच टाई हुई। मुंबई इंडियंस सुपर ओवर में जीत गया।

कगिसो रबाडा ने पलट दिया मैच का रुख
कोलकाता ने कैरेबियाई धुरंधर आंद्रे रसेल (62) के आतिशी अर्धशतक और उनकी कप्तान दिनेश कार्तिक (50) के साथ छठे विकेट के लिए 95 रन की शानदार साझेदारी की बदौलत आठ विकेट पर 185 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया जबकि दिल्ली ने युवा ओपनर पृथ्वी शॉ के 99 रन से छह विकेट पर 185 रन बनाए और स्कोर टाई हो गया। मैच फैसले के लिए सुपर ओवर में चला गया।

SEE THIS ALSO – हार के बाद सैमसन बोले- आपने मेरा दिन बेकार कर दिया


ऐसा रहा सुपर ओवर का रोमांच
दिल्ली ने पहले खेलते हुए सुपर ओवर में 10 रन बनाए। प्रसिद्ध कृष्णा के इस ओवर में दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर ने एक चौका लगाया और अगली गेंद पर आउट हो गए। ऋषभ पंत बड़े शॉट नहीं खेल सके और दिल्ली 10 रन ही जुटा सकी। कोलकाता के आंद्रे रसेल ने रबाडा की पहली गेंद पर चौका मारा, लेकिन रबादा ने तीसरी गेंद पर रसेल को बोल्ड कर दिया। दिनेश कार्तिक और रोबिन उथप्पा शेष तीन गेंदों पर तीन सिंगल ले सके और दिल्ली ने रोमांचक जीत हासिल कर ली। कोलकाता ने सुपर ओवर में सात रन बनाए।