मुंबई। बांग्लादेश टीम के तेज गेंदबाज रुबेल हुसैन (Rubel Hossain) ने कहा कि भारतीय टीम के मौजूदा कप्तान विराट कोहली के साथ उनके विवादों का सिलसिला पहले ही शुरू हो गया था, जब उन्होंने उसी समय अंडर -19 क्रिकेट विराट के साथ खेली थी। रुबेल और विराट के बीच आइसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2011 के बीच भी विवाद हो गया था, जिसमें विराट कोहली ने शतक जड़ा था।
रुबेल हुसैन ने तमीम इकबाल और तस्किन अहमद से सोशल मीडिया पर बात करते हुए कहा है, “मैंने हमारे U-19 दिनों से विराट कोहली के खिलाफ खेला है। इसलिए मेरे पास हमारे U-19 दिनों के समय से ही चीजें चल रही हैं। U-19 दिनों के दौरान, वह बहुत स्लेजिंग करते थे। अब शायद उतना न हो।” बता दें कि विराट कोहली ने 2008 में हुए आइसीसी अंडर 19 वर्ल्ड कप में टीम की कप्तानी की थी और खिताब भी जीता था। इसके बाद से वे लगातार भारत के लिए सीनियर क्रिकेट खेल रहे हैं।
उन्होंने बताया है, “एक त्रिकोणीय राष्ट्रीय टूर्नामेंट में, दक्षिण अफ्रीका में एक मैच हुआ था। वह हमारे बल्लेबाजों को गाली देते हुए, बहुत कुछ कह रहे थे। हम जानते हैं कि यह कैसा है। मेरे साथ उनका विवाद हो गया था और अंपायर को हस्तक्षेप करना पड़ा था।” रुबेल हुसैन बांग्लादेश के ऐसे दूसरे क्रिकेटर हैं, जिन्होंने विराट कोहली पर इस तरह के आरोप लगाए हैं। इससे पहले अल अमीन हुसैन ने भी विराट कोहली को लेकर कहा था कि वे अच्छी गेंदबाजी करने के बाद भी गेंदबाजों को स्लेज करते थे।
इसमें कोई शक नहीं है कि विराट कोहली अपने आक्रामक रवैये के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मशहूर हैं, क्योंकि वे मैदान पर काफी अग्रेसिव नजर आते हैं। पहली गेंद से लेकर मैच की आखिरी गेंद तक उनमें आक्रामकता देखी जा सकती है। इस बात से कुछ क्रिकेटर परेशान रहते हैं तो वहीं कुछ दिग्गज क्रिकेटर कहते हैं कि उनका ये रवैया अच्छा है, क्योंकि इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसा होना अच्छा है।

