रोहित शर्मा और रैना ने मिलकर चुनी CSK-MI की प्लेइंग इलेवन, इन खिलाड़ियों को मिली जगह

0

नई दिल्ली। आइपीएल टीम मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा और मिस्टर आइपीएल के नाम से फेमस बाएं हाथ के बल्लेबाज सुरेश रैना ने मिलकर मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स की कंबाइंड प्लेइंग इलेवन चुनी है। रोहित और रैना ने जो MI-CSK की टीम चुनी है, उसमें उन्होंने खुद को शामिल नहीं किया है, जबकि ये दोनों खिलाड़ी आइपीएल के महान खिलाड़ियों की सूची में शामिल हैं।

रोहित शर्मा और सुरेस रैना ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर वीडियो चैट की थी। इस दौरान जब वे मुंबई और चेन्नई की टीमों को मिलाकर एक प्लेइंग इलेवन चुनने लगे तो उन्होंने महेंद्र सिंह धौनी को इस टीम का कप्तान बनाया। हैरान करने वाली बात ये है कि रैना और रोहित ने इस टीम में चार दिग्गज ऑलराउंडर्स को शामिल किया है, लेकिन लसिथ मलिंगा जैसे महान गेंदबाज को उन्होंने टीम में जगह नहीं दी है।

रोहित शर्मा और रैना को मिला अलग रोल

दाएं हाथ के बल्लेबाज और आइपीएल के सबसे सफल कप्तान रोहित शर्मा और सीएसके के बल्लेबाज सुरेश रैना ने खुद को भी अहम भूमिकाओं से नवाजा है। रोहित शर्मा MI-CSK की इस कंबाइंड प्लेइंग के बल्लेबाजी कोच हैं, जबकि रैना इस टीम के फील्डिंग कोच के तौर पर हैं। रोहित और रैना खुद को टीम में इसलिए भी नहीं रख सकते थे, क्योंकि वे खुद इस टीम का चुनाव कर रहे थे।

ये 4 ऑलराउंडर हैं शामिल

रोहित शर्मा और सुरेश रैना ने अपनी इस टीम में 4 ऑलराउंडर्स को शामिल किया है, जिसमें दो विदेशी हैं और दो भारतीय हैं। रोहित और रैना ने दो ऑलराउंडर मुंबई इंडियंस टीम से चुने हैं, जबकि अन्य दो ऑलराउंडर्स को सीएसके से चुना गया है। मुंबई की टीम से किरोन पोलार्ड और हार्दिक पांड्या, जबकि सीएसके से रवींद्र जड़ेजा और ड्वेन ब्रावो को टीम में शामिल किया गया है।

ये दिग्गज हैं इसमें शामिल

आइपीएल समेत हर प्रकार की क्रिकेट से संन्यास ले चुके महान भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज मैथ्यू हेडेन को इस टीम का ओपनर नियुक्त किया गया है। तीसरे नंबर पर फाफ डुप्लेसिस हैं, जबकि चौथे नंबर पर अंबाती रायुडू हैं। पांचवें नंबर पर एमएस धौनी हैं, जो टीम के कप्तान और विकेटकीपर हैं। छठे नंबर पर किरोन पोलार्ड, सातवें पर हार्दिक पांड्या, आठवें पर ड्वेन ब्रावो, नौवें नंबर पर रवींद्र जड़ेजा, 10वें पर हरभजन और 11वें जसप्रीत बुमराह हैं।

रोहित शर्मा और सुरेश रैना की MI-CSK की कंबाइंड प्लेइंग XI

मैथ्यू हेडन

सचिन तेंदुलकर

फाफ डुप्लेसिस

अंबाती रायडू

महेंद्र सिंह धौनी (कप्तान और विकेटकीपर)

किरोन पोलार्ड

हार्दिक पांड्या

ड्वेन ब्रावो

रवींद्र जडेजा

हरभजन सिंह

जसप्रीत बुमराह