मध्यप्रदेश के लिए गौरव का क्षण: भोपाल के हॉकी मैदान को मिला FIH कैटेगरी-1 सर्टिफिकेट

0
  • देश में हैदराबाद के बाद भोपाल बना FIH कैटेगरी-1 प्रमाणित हॉकी फील्ड वाला दूसरा शहर : मंत्री विश्वास सारंग 
  • अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर नाथू बरखेड़ा के हॉकी मैदान को अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ ने दिया प्रमाणन, 19 नवंबर से इसी मैदान पर होगी महिला एशियन हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी-2026
  • मंत्री विश्वास सारंग ने कहा- अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल अधोसंरचना के विकास में मध्यप्रदेश ने हासिल की बड़ी उपलब्धि

भोपाल।  मध्यप्रदेश के खेल इतिहास में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। राजधानी भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर के हॉकी मैदान को अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) ने कैटेगरी-1 हॉकी फील्ड का प्रमाणपत्र प्रदान किया है। इस उपलब्धि के साथ भोपाल देश में हैदराबाद के बाद दूसरा ऐसा शहर बन गया है, जहां FIH कैटेगरी-1 प्रमाणित हॉकी मैदान उपलब्ध है। मध्यप्रदेश में इस श्रेणी का यह पहला हॉकी मैदान है।

प्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास सारंग ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ द्वारा जारी प्रमाणपत्र के अनुसार, मैदान का परीक्षण 6 नवंबर 2026 को किया गया। परीक्षण में इसे कैटेगरी-1 हॉकी फील्ड के निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया गया है। यह प्रमाणपत्र 6 नवंबर 2029 तक वैध रहेगा।

मंत्री सारंग ने कहा कि यह मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय है कि भोपाल में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के हॉकी मैदान को FIH कैटेगरी-1 का प्रमाणन प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि प्रदेश में विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचना विकसित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए खेल विभाग, निर्माण एजेंसी और परियोजना से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी।

19 नवंबर से महिला एशियन हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी का आयोजन

मंत्री सारंग ने बताया कि आगामी 19 नवंबर 2026 से इसी अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर में महिला एशियन हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी-2026 का आयोजन किया जाएगा। एशिया की शीर्ष महिला हॉकी टीमों के बीच होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के आयोजन से भोपाल को अंतर्राष्ट्रीय खेल जगत में नई पहचान मिलेगी।

मंत्री सारंग ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार यह हॉकी मैदान खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही मध्यप्रदेश को बड़े अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजनों का केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। भोपाल में इस स्तर का हॉकी मैदान उपलब्ध होना प्रदेश के उभरते हॉकी खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here