नई दिल्ली : पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबलों के लिए हॉकी प्रेमियों को खास तोहफा मिला है। 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर और मोहाली में होने वाले इस टूर्नामेंट के सभी मैचों में दर्शकों को मुफ्त प्रवेश मिलेगा। हॉकी इंडिया ने मंगलवार को इसकी घोषणा की। प्रतियोगिता के दौरान जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम और मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में कुल 20 मुकाबले खेले जाएंगे। इस पहल से दर्शकों को स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
लीग चरण के सभी मैच 27 अक्तूबर से दो नवंबर तक जालंधर में खेले जाएंगे जबकि सेमीफाइनल और फाइनल चार और पांच नवंबर को मोहाली में होंगे। दर्शक हॉकी इंडिया के ऑनलाइन टिकट भागीदार ‘टिकटजेनी’ पर पंजीकरण कराकर अपने निशुल्क प्रवेश पास प्राप्त कर सकते हैं। भारत अपना पहला मैच 27 अक्तूबर को बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद वह चीन (29 अक्तूबर), जापान (30 अक्तूबर), मलेशिया (एक नवंबर) और दक्षिण कोरिया (दो नवंबर) का सामना करेगा।


