तमिलनाडु के खिलाड़ियों को 17 करोड़ की सौगात, मुख्यमंत्री विजय करेंगे सम्मानित

0

चेन्नई : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय गुरुवार को मुख्यमंत्री ट्रॉफी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 17 करोड़ रुपये के पुरस्कार देंगे। इस दौरान जापान में आयोजित पैरा एशियन गेम्स में पदक जीतकर लौटे राज्य के पैरा एथलीटों को भी सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान समारोह चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित किया जाएगा। खेल विकास मंत्री आधव अर्जुन ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री विजय समारोह के दौरान पैरा एथलीटों से मुलाकात करेंगे और उनकी उपलब्धियों के लिए उन्हें बधाई देंगे।

जापान में आयोजित पैरा एशियन गेम्स में तमिलनाडु के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। राज्य के खिलाड़ियों ने कुल 15 पदक अपने नाम किए, जिनमें तीन स्वर्ण, पांच रजत और सात कांस्य पदक शामिल हैं। इन खेलों में तमिलनाडु के कुल 13 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इनमें से 9 खिलाड़ी पदक जीतने में सफल रहे। इस तरह राज्य के दो-तिहाई से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

तमिलनाडु में मुख्यमंत्री ट्रॉफी प्रतियोगिताओं की शुरुआत 15 अक्तूबर से हुई थी। राज्यभर में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में कुल 45 खेलों को शामिल किया गया है। इनमें करीब 32,000 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ियों को कुल 17 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी। इस आयोजन का उद्देश्य खिलाड़ियों की उपलब्धियों को पहचान देना और राज्य में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here