एनएसटी न्यूज, भोपाल। ओल्ड कैंपियन मैदान पर आयोजित 14वीं स्व. अरविंद चतुर्वेदी स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता (श्री रमेश शर्मा ट्रॉफी) के तहत खेले गए मुकाबले में अभय गोस्वामी क्रिकेट अकादमी ने अकीरा क्रिकेट क्लब को एकतरफा मुकाबले में हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच में अभय गोस्वामी अकादमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया और बाद में गेंदबाजों के दम पर विपक्षी टीम को आसानी से समेट दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अभय गोस्वामी अकादमी ने 39.2 ओवर में 313 रन बनाए। टीम की ओर से अभिनव ने 70 रन की तेज पारी खेली, जबकि हर्षित शर्मा ने 53 और मुजीब खान ने 52 रन का योगदान दिया, जिससे टीम मजबूत स्थिति में पहुंची।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अकीरा क्रिकेट क्लब की टीम शुरुआत से ही दबाव में रही और पूरी टीम महज 96 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से पीयूष सिंह ने 43 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज खास योगदान नहीं दे सके। गेंदबाजी में अभय गोस्वामी अकादमी के नीरज गोयल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट झटके। वहीं प्रतीक शुक्ला ने 3 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। नीरज गोयल को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया और 500 रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह में भोपाल डिविजनल क्रिकेट एसोसिएशन के ज्वाइंट सेक्रेटरी मुजीब उद्दीन और अभय गोस्वामी क्रिकेट अकादमी के मुख्य कोच अभय गोस्वामी ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया।


