अभिषेक और समीर ने जड़े अर्धशतक, रिंक सिंह फ्लॉप; यूपी ने सौराष्ट्र को 311 रन का दिया लक्ष्य

0

नई दिल्ली : विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के क्वार्टर फाइनल में उत्तर प्रदेश ने रिंकू सिंह की कप्तानी में सौराष्ट्र के खिलाफ 50 ओवर में 8 विकेट पर 310 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के ओपनर अभिषेक गोस्वामी और निचले क्रम के बल्लेबाज समीर रिजवी ने शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया, जबकि कप्तान रिंकू सिंह इस मैच में बड़े रन बनाने में सफल नहीं हो सके।

रिंकू फेल, अभिषेक-समीर ने जड़े अर्धशतक

इस मुकाबले में सौराष्ट्र ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उत्तर प्रदेश की पारी की शुरुआत अभिषेक गोस्वामी और आर्यन जुयाल ने की, लेकिन आर्यन बिना कोई रन बनाए पवेलियन लौट गए। इसके बाद अभिषेक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 82 गेंदों पर 12 चौकों की मदद से 88 रन बनाए और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।

टीम के लिए तीसरे नंबर पर खेलने आए ऋतुराज शर्मा 12 रन के स्कोर पर निपट गए जबकि प्रियम गर्ग ने 35 रन की पारी खेली। कप्तान रिंकू सिंह 5वें नंबर पर खेलने आए, लेकिन उनका बल्ला इस मैच में नहीं चला और वो 20 गेंदों पर 13 रन की पारी खेलकर आउट हो गए। समीर रिजवी ने शानदार बैटिंग की और वो नाबाद पवेलियन लौटे।

समीर रिजवी ने उत्तर प्रदेश के लिए अहम योगदान दिया और उनकी नाबाद पारी की मदद से टीम का स्कोर 300 के पार पहुंचा। समीर ने 77 गेंदों में 2 छक्के और 10 चौकों की सहायता से 88 रन बनाए। इसके अलावा प्रशांत वीर ने 30 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि विपराज निगम ने 13 और जीशान अंसारी ने 11 गेंदों पर 20 रन जोड़े। सौराष्ट्र की तरफ से चेतन सकारिया ने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here