अभिषेक शर्मा का दबदबा कायम, यशस्वी जायसवाल टॉप 5 से बाहर; मियां भाई और वाशिंगटन सुंदर को लाभ

0

नई दिल्ली: आईसीसी ने बुधवार 8 अक्टूबर को ताजा पुरुष क्रिकेट रैंकिंग जारी की है। इस रैंकिंग में टी20 बल्लेबाजों की सूची में अभिषेक शर्मा का दबदबा फिर से बरकरार रहा है। वहीं, टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में यशस्वी जायसवाल को टॉप पांच से बाहर होना पड़ा और उन्हें नुकसान उठाना पड़ा है। इसके अलावा, भारतीय गेंदबाज मोहम्मद सिराज को अहमदाबाद में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट मैच में 7 विकेट लेने का फायदा मिला है, जिससे उनकी रैंकिंग में सुधार हुआ है। साथ ही, वाशिंगटन सुंदर ने ऑलराउंडर्स की लिस्ट में शानदार छलांग लगाई है और अपनी स्थिति मजबूत की है।

अभिषेक शर्मा का कहर जारी

अभिषेक शर्मा लगातार नंबर 1 टी20 बल्लेबाज बने हुए हैं। वहीं वनडे रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ है और भारतीय कप्तान शुभमन गिल टॉप पर काबिज हैं। वनडे रैंकिंग में रोहित शर्मा दूसरे और विराट कोहली चौथे स्थान पर बने हुए हैं। टेस्ट में बल्लेबाजों की बात करें तो जो रूट टॉप पर मौजूद हैं और यशस्वी जायसवाल को दो स्थान का नुकसान हो गया है। वह अब टॉप 5 से बाहर हो गए हैं और पांचवें से सातवें स्थान पर खिसक गए हैं।

जबकि अहमदाबाद टेस्ट में शतक लगाने वाले केएल राहुल को चार स्थान का फायदा हुआ है और वह 39 से 35वें स्थान पर आ गए हैं। रविंद्र जडेजा दुनिया के नंबर 1 ऑलराउंडर बने हुए हैं। वहीं बल्लेबाजों की रैंकिंग में भी वह 31 से सीधे 25वें स्थान पर आ गए हैं। इसके अलावा भारत के दूसरे ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर को ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में चार स्थान का फायदा मिला है। वो अब 15वें से 11वें स्थान पर आ गए हैं।

मियां भाई ने मचाई धूम

मियां भाई के नाम से मशहूर मोहम्मद सिराज ने टेस्ट क्रिकेट में अपनी लगातार शानदार गेंदबाजी का परिणाम पाया है। हाल ही में जारी टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में वह 15वें स्थान से उभरकर अब 12वें स्थान पर पहुंच गए हैं। टीम इंडिया के जसप्रीत बुमराह इस समय नंबर 1 टेस्ट गेंदबाज हैं और टॉप 10 में अकेले भारतीय गेंदबाज हैं। इसके अलावा, टॉप 20 में बुमराह और सिराज के साथ रविंद्र जडेजा भी 17वें स्थान पर मौजूद हैं, जो भारतीय गेंदबाजों की ताकत को दर्शाता है।

भारतीय टीम को 10 अक्टूबर से दिल्ली में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट मैच खेलना है। इसके बाद 19 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक टीम ऑस्ट्रेलिया में तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी। इसके बाद 29 अक्टूबर से 5 वनडे मैच और होंगे। आने वाले एक महीने में रैंकिंग में काफी बदलाव देखने को मिल सकते हैं। खास बात यह है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली भी वनडे सीरीज में लौट रहे हैं, जिससे उनकी रैंकिंग में कितना बदलाव आता है, यह अक्टूबर के तीसरे और चौथे हफ्ते की रैंकिंग में देखना बेहद दिलचस्प होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here