nst news, भोपाल. भोपाल के प्रतिष्ठित पुरुषोत्तम गौर स्विमिंग पूल, कल्पना नगर, रायसेन रोड पर 12 अप्रैल 2026 को “Acrobat Aquatic Fest-2026” तैराकी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन का संचालन Acrobat Sports Education and Social Welfare Society द्वारा पुरुषोत्तम गौर स्विमिंग पूल और भोपाल स्विमिंग एसोसिएशन के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य शहर और आसपास के क्षेत्रों के तैराकों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और तैराकी खेल को बढ़ावा देना है।
प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई हैं, जिनमें सीनियर, ग्रुप-I से ग्रुप-V और मास्टर्स श्रेणी शामिल हैं। प्रतियोगिता में फ्री स्टाइल, बैक स्ट्रोक, ब्रेस्ट स्ट्रोक, बटरफ्लाई (50 मीटर, 100 मीटर और 200 मीटर) तथा 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले जैसे इवेंट शामिल होंगे। प्रतियोगिता के लिए रिपोर्टिंग समय सुबह 8 बजे रखा गया है, जबकि प्रवेश की अंतिम तिथि 10 अप्रैल निर्धारित है। आयोजन सचिव बृजभान सिंह धाकड़ ने खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की है, ताकि इस आयोजन को सफल बनाया जा सके और खेल भावना को बढ़ावा मिले।


