नई दिल्ली: अफगानिस्तान ने अबूधाबी में खेले गए तीसरे और अंतिम वनडे मुकाबले में बांग्लादेश को 200 रनों से करारी हार दी और सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर ली। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 293 रन बनाए, जिसके जवाब में बांग्लादेश की टीम 28 ओवरों में मात्र 93 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इस जीत के साथ अफगानिस्तान ने टी20 सीरीज में मिली 3-0 की हार का भी बदला ले लिया। यह लगातार पांचवीं वनडे सीरीज है जो अफगानिस्तान ने अपने नाम की है, जो टीम की मजबूती और निरंतर प्रगति को दर्शाता है। अफगानिस्तान को 293 रन तक पहुंचने में इब्राहिम जदरान और मोहम्मद नबी के अर्धशतक ने अहम भूमिका निभाई। युवा तेज गेंदबाज बिलाल सामी ने पहली बार पांच विकेट लिए। वह प्लेयर ऑफ द मैच रहे। राशिद खान ने अपने शुरुआती स्पेल में तीन विकेट लेकर बांग्लादेश को मुश्किल में डाल दिया। जदरान प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे।
बांग्लादेश की बल्लेबाजी पूरी सीरीज में बेहाल और जूझती नजर आई
बांग्लादेश की बल्लेबाजी पूरी सीरीज में लगातार संघर्ष करती नजर आई। मोहम्मद नईम ने भले ही 23 गेंदों तक प्रयास किया, लेकिन अजमतुल्लाह उमरजई की गेंद पर स्लिप में कैच दे बैठे और केवल 7 रन ही बना सके। वहीं, सैफ हसन ने शुरुआत में दो छक्के सहित कुछ बाउंड्री लगाकर अफगानिस्तान की गेंदबाजी पर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से कोई खास सहयोग नहीं मिलने के कारण टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
नजमुल हुसैन शान्तो का वनडे में निराशाजनक प्रदर्शन जारी
नजमुल हुसैन शान्तो का वनडे में निराशाजनक प्रदर्शन जारी रहा। वह बिलाल सामी की गेंद पर 3 रन बनाकर प्लेड ऑन हो गए। यहां से बांग्लादेश की पारी बिखर गई। तौहीद हृदोय 7 रन बनाकर राशिद की गुगली का शिकार बन गए। इसके बाद सैफ 54 गेंदों में 43 रन बनाक आउट हुए। राशिद की गेंद उनके बैट और पैड के बीच से निकल गई।
बांग्लादेश के विकेट और तेज गिरने लगे
बांग्लादेश के विकेट और तेज गिरने लगे। मेहदी हसन मिराज को सामी ने विकेट के पीछे कैच कराया। उन्होंने 6 रन बनाए। अगली ही गेंद पर शमीम हुसैन रन आउट हो गए। नूरुल हसन राशिद के तीसरे शिकार बने। वह 2 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू आउट हुए। सामी ने वापसी करते हुए तनवीर इस्लाम 5 और रिशाद हुसैन 4 को आउट किया। फिर हसन महमूद को 9 रन पर आउट करके अपने पांच विकेट पूरे किए।
इब्राहिम जदरान और रहमानुल्लाह गुरबाज ने दी तेज शुरुआत
इससे पहले अफगानिस्तान के शीर्ष क्रम ने एक मजबूत स्कोर की नींव रखी। इब्राहिम जदरान और रहमानुल्लाह गुरबाज ने पहले विकेट के लिए 99 रन जोड़कर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। आमतौर पर आक्रामक बल्लेबाजी करने वाले गुरबाज ने अपनी 42 रन की पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया। तनवीर इस्लाम ने उन्हें एलबीडब्ल्यू किया। जदरान ने रन बनाना जारी रखा। अपना अर्धशतक पूरा किया और सेदिकुल्लाह अटल के साथ दूसरे विकेट के लिए 74 रन जोड़कर अफगानिस्तान का स्कोर 1 विकेट पर 173 रन तक पहुंचाया।
सैफ हसन ने मैच का पासा पलटा
अफगानिस्तान 300 से ज्यादा का स्कोर बनाने की दिशा में अग्रसर था, लेकिन तभी बांग्लादेश के सैफ हसन की पार्ट-टाइम ऑफ़ स्पिन ने खेल का रुख पूरी तरह बदल दिया। सैफ हसन ने चार ओवर में तीन महत्वपूर्ण विकेट झटकते हुए अफगानिस्तान का स्कोर 5 विकेट पर 188 रन तक सीमित कर दिया। इसके बाद अजमतुल्लाह उमरजई और मोहम्मद नबी ने मिलकर एक अहम साझेदारी की, जिससे पारी को मजबूती मिली और अफगानिस्तान ने अपने स्कोर को संभाला।
मोहम्मद नबी की विस्फोटक बल्लेबाजी से अफगानिस्तान ने बढ़ाया स्कोर
48वें ओवर में जब अफगानिस्तान का स्कोर 9 विकेट पर 249 रन था, तब मोहम्मद नबी 24 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। उस समय बांग्लादेश के नाहिद राणा दो गेंद फेंकने के बाद चोट के कारण लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए। उनके स्थान पर मेहदी हसन मिराज ओवर पूरा करने आए, लेकिन उन्होंने भारी कीमत चुकाई। नबी ने उनकी चार गेंदों पर तीन छक्के लगाकर टीम को बड़ा स्कोर दिलाया। इसके बाद आखिरी ओवर में हसन महमूद ने भी जोरदार बल्लेबाजी की, एक-एक छक्का और तीन चौके जड़ते हुए अफगानिस्तान के स्कोर में चारों चाँद लगा दिए। नबी ने 38 गेंदों में नाबाद 58 रन बनाए, और इसी विस्फोटक पारी की मदद से अफगानिस्तान ने आखिरी दो ओवरों में 44 रन जोड़े और कुल 293 रन बनाए।

