नई दिल्ली : टी20 विश्व कप 2026 का 28वां मुकाबला अफगानिस्तान और यूएई के बीच खेला गया, जिसमें अफगानिस्तान ने टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। टीम ने यूएई को 5 विकेट से हराया। इस जीत में अजमतुल्लाह ओमरजई ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले गेंदबाजी में 4 विकेट लिए और फिर बल्लेबाजी में 21 गेंदों में 40 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति दिलाई। यूएई के लिए यह टूर्नामेंट में दूसरी हार रही। उनकी अगली चुनौती साउथ अफ्रीका के खिलाफ 18 फरवरी को होगी।
टूर्नामेंट में सुपर 8 की राह पर अफगानिस्तान
अफगानिस्तान की टीम ने इस जीत के साथ ही सुपर 8 में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जीवित रखा है, हालांकि यह संभावना अब भी कम नजर आ रही है। इस जीत के बाद टीम तीसरे नंबर पर आ गई है। अफगानिस्तान की टीम चाहेगी कि न्यूजीलैंड अपना आखिरी मैच हार जाए, तभी वह सुपर 8 में अपनी जगह पक्का कर पाएगी। मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूएई ने 20 ओवर में 160 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। यूएई की ओर से सोहेब खान ने 48 गेंदों में 68 रन की बेहतरीन पारी खेली। अफगानिस्तान के लिए अजमतुल्लाह ओमरजई ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए। टीम ने अंतिम 4 गेंदें रहते ही यह मुकाबला अपने नाम कर लिया।
हेड टू हेड आंकड़े और पिछला प्रदर्शन
इन दोनों टीमों के बीच हुई टक्कर में अफगानिस्तान का पलड़ा सीधे तौर पर भारी नजर आता है लेकिन अपना दिन होने पर यूएई की टीम भी बाजी मार ले जाती है. अब तक खेले गए 15 मैचों में से 12 बार अफगानिस्तान ने मैच जीता है तो वहीं 3 बार यूएई ने भी जीत का स्वाद चखा है. यूएई आखिरी बार अफगानिस्तान के खिलाफ साल 2023 दिसंबर में मुकाबला जीत पाई थी.


