नई दिल्ली: वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के बाद भारतीय टीम पहली बार 21 दिसंबर को मैदान में उतरेगी। बांग्लादेश के भारत दौरे के रद्द होने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शुक्रवार (28 नवंबर) को नई सीरीज का ऐलान किया। श्रीलंका की टीम 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलने के लिए भारत दौरे पर आएगी। ये मुकाबले 21 दिसंबर से 30 दिसंबर तक विशाखापत्तनम और तिरुवनंतपुरम में खेले जाएंगे।
दिसंबर में बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय टीम को तीन वनडे और 3 टी20 मैचों की सीरीज खेलनी थी। दोनों देशों के बीच बढ़ते राजनीतिक तनाव के कारण यह सीरीज टाल दी गई है। ऐसे में बीसीसीआई ने खाली विंडो में श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज की घोषणा की है। पांच मैचों की यह सीरीज 21 दिसंबर को विशाखापत्तनम में शुरू होगी। दो मैच यहां होंगे। 26 दिसंबर को तीसरे टी20 से से तीन मैच तिरुवनंतपुरम में होंगे।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी में जुटी भारतीय टीम
श्रीलंका के खिलाफ होने वाली सीरीज के जरिए भारतीय टीम जून 2026 में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों की शुरुआत करेगी। हाल ही में वनडे वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद टीम की निगाहें अब टी20 वर्ल्ड कप के खिताब पर होगी। 2024 में इस टूर्नामेंट के पिछले संस्करण में भारतीय महिलाओं को न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा था और टीम पहले ही स्टेज से बाहर हो गई थी। इसके बाद हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम ने अगली दो सीरीज में वेस्टइंडीज (2–1) और इंग्लैंड (3–2) को मात दी। भारत टी20 वर्ल्ड कप से पहले अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए ऑस्ट्रेलिया (फरवरी 2026) और इंग्लैंड (मई 2026) के खिलाफ भी मुकाबले खेलेगी।


