नई दिल्ली : भारत ही नहीं, दुनिया के कई क्रिकेट खेलने वाले देश अब तक पाकिस्तान जाकर खेलने से हिचकिचाते हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह 2009 में हुई वह दर्दनाक घटना है, जब लाहौर में श्रीलंकाई टीम की बस पर आतंकियों ने हमला किया था। तब से खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर पाकिस्तान पर सवाल उठते रहे हैं। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में कुछ टीमों ने पाकिस्तान जाकर सीरीज खेली हैं। इसी बीच, श्रीलंका की टीम वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान पहुंच चुकी है, लेकिन सीरीज शुरू होने से कुछ ही घंटे पहले एक बड़ी खबर सामने आई—पाकिस्तान के एक प्रमुख खिलाड़ी के घर पर फायरिंग की गई।
आपको बता दें कि श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच पहला वनडे मैच रावलपिंडी में 11 नवंबर को खेला जाना है। जबकि सोमवार 10 नवंबर को पाकिस्तानी गेंदबाज नसीम शाह के घर के बाहर गोलीबारी का मामला सामने आया है। हालांकि, नसीम इस वक्त टीम के साथ हैं मगर जब यह फायरिंग उनके घर पर हुई तो पूरा परिवार अंदर ही मौजूद था। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक यह मामला रविवार देर रात 1.45 का है। सोमवार तड़के इसको रिपोर्ट किया गया।
पाकिस्तानी तेज़ गेंदबाज़ नसीम शाह का परिवार खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के मयार इलाके में रहता है। उनके घर, जिसे ‘हुज्र’ कहा जाता है, पर हुई अचानक गोलीबारी ने एक बार फिर पाकिस्तान में खिलाड़ियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यही वह देश है जो भारतीय टीम के पाकिस्तान न आने पर अपनी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दावे करता रहा है। हालांकि इस हमले में नसीम शाह के परिवार को कोई चोट नहीं पहुंची, लेकिन गोलियों की बौछार से उनके घर के गेट, खिड़कियां और दरवाजे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
5 आरोपियों को पकड़ा, आतंकवादी साजिश से जुड़ाव से किया इनकार
स्थानीय पुलिस ने घटना की जांच करते हुए पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने इस हमले को आतंकी घटना मानने से इनकार किया है। अधिकारियों के अनुसार, यह मामला जमीन को लेकर हुए विवाद या स्थानीय झगड़े से जुड़ा प्रतीत होता है। इस बीच, नसीम शाह के पिता ने भी पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर पूरी घटना का ब्यौरा साझा किया और जांच में सहयोग किया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, नसीम शाह के पड़ोसियों का कहना है कि उनका परिवार बेहद शांत स्वभाव का है और किसी से उनका कोई झगड़ा या दुश्मनी नहीं है। ऐसे में यह हमला किसने और क्यों किया, यह अब भी एक बड़ा सवाल बना हुआ है। इस घटना के बावजूद नसीम शाह ने टीम का साथ नहीं छोड़ा है और वे मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में पाकिस्तान की ओर से खेलते नजर आएंगे।

