19वीं कुमार सुरेंद्र सिंह स्मृति शूटिंग चैंपियनशिप : 616.3 अंक लेकर स्पर्धा का तीसरा स्वर्ण पदक अपने नाम किया, मप्र अकादमी के ही अमित कुमायु को रजत पदक
भोपाल। म.प्र. राज्य शूटिंग अकादमी के रायफल खिलाड़ी ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने दिल्ली मे आयोजित 19वीं कुमार सुरेन्द्र सिंह स्मृति शूटिंग चैम्पियनशिप में आज फिर सोने पर निशाना लगाया। ऐश्वर्य ने बालक वर्ग जूनियर 50 मीटर रायफल प्रोन इवेंट में स्वर्ण पदक मध्य प्रदेश को दिलाया। इससे पूर्व ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने 50 मीटर रायफल थ्री पोजिशन की सीनियर एवं जूनियर व्यक्तिगत स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीते हैं।
प्रतियोगिता में आज खेले गए जूनियर 50 मीटर रायफल प्रोन इवेंट के फायनल मुकाबले में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने 616.3 अंको के साथ पहला और अकादमी के ही खिलाड़ी अमित कुमायु ने 611.1 अंक अर्जित कर दूसरा स्थान हासिल किया। हरियाणा के खिलाड़ी ने 610.5 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। चैम्पियनशिप में अकादमी के रायफल खिलाड़ियों ने अब तक 12 पदक प्राप्त किए हैं जिनमें तीन स्वर्ण, चार रजत और पांच कांस्य पदक शामिल है।
संचालक खेल और युवा कल्याण डाँ. एस. एल. थाउसेन ने शूटिंग खिलाड़ियों द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर अर्जित इस उपलब्धि को एक उत्साहजनक परिणाम बतलाते हुए कहा है कि हमें अपने निशानेबाजों और उनके प्रशिक्षकों पर बहुत गर्व है। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि हमारे खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिताओं में भी इसी प्रकार का प्रदर्शन जारी रखेंगे और पदक जीतकर मध्य प्रदेश को गौरवान्वित करेंगे।