All England Open: लक्ष्य सेन का शानदार प्रदर्शन जारी, शिफेंग को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचे

0

बर्मिंघम : भारत के लक्ष्य सेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन के पूर्व चैंपियन ली शिफेंग को सीधे गेम में हराकर 1,450,000 डॉलर इनामी ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। विश्व रैंकिंग में 12वें नंबर के भारतीय खिलाड़ी सेन ने चीन के विश्व में छठे नंबर के खिलाड़ी शिफेंग को केवल एक घंटे में 21-13, 21-16 से मात दी। सेमीफाइनल में उनका मुकाबला कनाडा के विक्टर लाई से होगा, जिन्होंने एक अन्य क्वार्टरफाइनल में जापान के कोकी वातानाबे को 18-21, 21-17, 21-15 से हराया। यह लक्ष्य सेन का इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में तीसरा सेमीफाइनल है, और वह 2022 में यहां उपविजेता रह चुके हैं।

लक्ष्य ने मैच के बाद कहा, ‘मैं दोनों गेम में अपने प्रदर्शन से खुश हूं। शिफेंग को भी श्रेय जाता है, उन्होंने वाकई शानदार खेल दिखाया। कुछ लंबी रैलियां चली, हम दोनों थक रहे थे, लेकिन लंबी रैलियों के बाद भी जिस तरह से मैं डटा रहा, उससे मैं खुश हूं।’ उन्होंने कहा, ‘मेरे कोच भी यही कह रहे थे कि लंबी रैलियों के बाद अतिरिक्त तैयारी रखो क्योंकि वह भी थक जाता है, इसलिए गलती करने से बचो।’

लक्ष्य ने पहले गेम में आत्मविश्वास से भरी शुरुआत की और जल्द ही 4-1 की बढ़त हासिल कर ली। उन्होंने आक्रामक और सकारात्मक खेल दिखाते हुए अपनी बढ़त 10-4 तक पहुंचा दी। इंटरवल तक वह 11-6 से आगे थे। इसके बाद हालांकि लक्ष्य को शिफेंग के शक्तिशाली ओवरहेड क्रॉसकोर्ट स्मैश को समझने में थोड़ी देर के लिए संघर्ष करना पड़ा, फिर भी उन्होंने अपना नियंत्रण बनाए रखा और 15-11 से आगे निकल गए।

शिफेंग ने अंतर को 13-15 तक कम कर दिया, लेकिन लक्ष्य ने फिर से लय हासिल कर ली और एक नेट कॉर्ड की मदद से 18-13 से आगे हो गए। उन्होंने इसके बाद 24 मिनट में पहला गेम अपने नाम कर दिया। दूसरे गेम में चीनी खिलाड़ी ने लक्ष्य के हर अंक का मुकाबला किया, जिससे स्कोर 6-6 हो गया। लक्ष्य ने इसके बाद दो अंकों की बढ़त हासिल कर ली, लेकिन शिफेंग ने एक शानदार क्रॉसकोर्ट स्मैश जमाया और भारतीय खिलाड़ी की बैकलाइन की गलती का फायदा उठाकर स्कोर 9-9 से बराबर कर दिया।

लक्ष्य सेन ने हालांकि इंटरवल तक केवल एक अंक की मामूली बढ़त बनाई थी, लेकिन इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। शिफेंग ने एक करारे स्मैश से स्कोर को 12-13 कर दिया। लक्ष्य ने बेहतरीन डिफेंसिव बैकहैंड रिटर्न की मदद से अपनी बढ़त 17-13 कर दी। शिफेंग ने 15-19 से पिछड़ने के बाद 45 शॉट की लंबी रैली जीतकर अपनी उम्मीदें जीवित रखीं, लेकिन लक्ष्य ने जल्दी ही वापसी करते हुए मैच प्वाइंट हासिल कर लिया। अंततः शिफेंग का शॉट आउट होने से लक्ष्य ने जीत दर्ज की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here