23.1 C
New Delhi
Wednesday, March 18, 2026

रुक-रुक कर गेंदबाजी और चकिंग के आरोप: उस्मान तारिक पर क्यों उठे सवाल?

नई दिल्ली : आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के दौरान पाकिस्तान के ऑफ स्पिनर उस्मान तारिक अपनी गेंदबाजी से जितना प्रभाव डाल रहे हैं, उतनी ही चर्चा उनके अनोखे एक्शन को लेकर भी हो रही है। रन-अप के दौरान अचानक रुकना, क्रीज पर ‘मूर्ति जैसी’ स्थिर मुद्रा में खड़े होना और फिर गेंद छोड़ना—यह तरीका बल्लेबाजों को असमंजस में डाल देता है। इसी असामान्य शैली के कारण उनके एक्शन पर चकिंग के आरोप भी लगे हैं। क्रिकेट जगत में यह सवाल उठ रहा है कि क्या यह सिर्फ एक रणनीतिक विविधता है या फिर गेंदबाजी एक्शन नियमों की सीमा को छू रहा है। अब देखना होगा कि इस पर मैच अधिकारियों या आईसीसी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया आती है या नहीं।

उस्मान तारिक का एक्शन दो बार हो चुका है रिपोर्ट

ऐसा माना जा रहा है कि उस्मान तारिक अपनी रुक-रुक कर गेंद फेंकने की शैली से बल्लेबाजों को भ्रमित करने की कोशिश करते हैं। इसी वजह से उनके एक्शन पर सवाल उठे और विवाद भी खड़ा हुआ। कुछ लोगों ने उनकी इस शैली को अवैध गेंदबाजी, यानी क्रिकेट की भाषा में ‘चकिंग’, तक कहा। उनके गेंदबाजी एक्शन की दो बार रिपोर्ट भी की गई, लेकिन दोनों ही मौकों पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने उनके एक्शन को नियमों के अनुरूप सही ठहराया। 28 वर्षीय इस ऑफ स्पिनर का अपरंपरागत एक्शन टी20 जैसे छोटे प्रारूप में पहले ही कई खिलाड़ियों और विशेषज्ञों का ध्यान अपनी ओर खींच चुका है।

अमेरिका के खिलाफ उस्मान तारिक ने झटके थे 3 विकेट

उस्मान तारिक ने इस सप्ताह श्रीलंका में खेले गए अपने पहले टी20 विश्व कप मुकाबले में अमेरिका के खिलाफ तीन विकेट झटके थे और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि, उनके गेंदबाजी एक्शन को लेकर उठ रहे सवालों के बीच इसे अवैध साबित करना आसान नहीं है। क्रिकेट के नियमों के अनुसार किसी गेंदबाज के एक्शन को अवैध ठहराने के लिए 15 डिग्री का नियम लागू होता है। इस नियम के तहत गेंदबाज अपनी कोहनी को 15 डिग्री से अधिक नहीं मोड़ सकता। मैदान पर मौजूद अंपायरों के लिए वास्तविक समय में इस कोण का सटीक आकलन करना लगभग असंभव होता है, यही वजह है कि ऐसे मामलों में अक्सर विस्तृत जांच और तकनीकी विश्लेषण की आवश्यकता पड़ती है।

ग्रीन और ब्रेविस जैसे खिलाड़ी भी उनके एक्शन से हो चुके हैं भ्रमित

ऑस्ट्रेलिया के कैमरन ग्रीन और दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस जैसे बल्लेबाज भी उस्मान तारिक के अनोखे गेंदबाजी एक्शन से चकमा खा चुके हैं। नवंबर में टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में तारिक की दूसरी ही गेंद पर पावर हिटर ब्रेविस आउट हो गए थे। वहीं लाहौर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पाकिस्तान की 3-0 की जीत के दौरान ग्रीन ने उनकी बाहर जाती गेंद को कवर में खड़े फील्डर के हाथों कैच करा दिया। आउट होने के बाद ग्रीन ने हैरानी जताते हुए सिर हिलाया और बाउंड्री लाइन के पास तारिक के एक्शन की नकल भी की। हालांकि बाद में उन्होंने अपने व्यवहार के लिए माफी मांग ली थी।

उस्मान तारिक का टी20 क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। नवंबर में त्रिकोणीय शृंखला के दौरान रावलपिंडी में जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने 18 रन देकर चार विकेट लिए थे जिसमें हैट्रिक भी शामिल है। उस्मान तारिक ने अब तक केवल चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 88 गेंदों पर 11 विकेट लिए हैं। जब चयनकर्ताओं ने तारिक को टी20 विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया तो किसी को हैरानी नहीं हुई क्योंकि वह जानते थे कि श्रीलंका की पिचें तेज गेंदबाजों की तुलना में धीमी गति के गेंदबाजों के लिए अधिक उपयुक्त होंगी।

उस्मान तारिक का शीर्ष स्तर तक का सफर आसान नहीं रहा। पिछले दो सत्रों में देश के प्रमुख घरेलू टी20 टूर्नामेंट पाकिस्तान सुपर लीग के दौरान उनके गेंदबाजी एक्शन पर दो बार संदेह जताया गया और शिकायत दर्ज हुई। हालांकि दोनों ही मौकों पर लाहौर स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में परीक्षण के बाद उन्हें क्लीन चिट दे दी गई। तारिक ने अपने एक्शन पर सफाई देते हुए कहा, “मेरी बांह में दो कोहनी हैं। मेरी बांह स्वाभाविक रूप से मुड़ती है। मैंने इसकी जांच कराई है और रिपोर्ट में यह स्पष्ट है। हर कोई महसूस करता है कि मैं अपनी बांह मोड़ता हूं, लेकिन मेरी मुड़ी हुई बांह एक जैविक समस्या है।”

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles